Punjab Farmers Protest Live Update : चंडीगढ़ कूच कर रहे किसानों को जगह-जगह रोका

0
112
Punjab Farmers Protest Live Update : चंडीगढ़ कूच कर रहे किसानों को जगह-जगह रोका
Punjab Farmers Protest Live Update : चंडीगढ़ कूच कर रहे किसानों को जगह-जगह रोका

पंजाब पुलिस मुस्तैद, ज्यादात्तर किसान नेता हिरासत में लिए

Punjab Farmers Protest Live Update (आज समाज), चंडीगढ़ : किसानों के आज चंडीगढ़ कूच को देखते हुए प्रदेश पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। एक तरफ जहां चंडीगढ़ के सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। वहीं प्रदेश पुलिस भी जगह-जगह नाके लगाकर हर वाहन की गहनता से जांच कर रही है और किसानों को चंडीगढ़ की तरफ जाने से रोक रही है। इसी के चलते संगरूर पुलिस ने किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां को हिरासत में लिया गया है। उन्हें चंडीगढ़ आते समय हिरासत में लिया गया।

इससे पहले मंगलवार को भी पुलिस कार्रवाई को देखते हुए अधिकतर किसान नेता अंडरग्राउंड हो गए। मोर्चे के मुताबिक बलबीर सिंह राजेबाल समेत उनके 9 नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। इनमें रुलदू सिंह मानसा, जंगवीर सिंह चौहान, गुरमीत सिंह भाटीवाल, नछत्तर सिंह जैतों, वीरपाल सिंह ढिल्लों, बिंदर सिंह गोलेवाल, गुरनाम भीखी और हरमेश सिंह ढेसी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रधान जोगिंदर सिंह उगराहां, रमिंदर सिंह पटियाला, बुटा सिंह, हरिंदर सिंह लखोवाल, सतनाम सिंह, गुरमीत सिंह और राजिंदर सिंह दीप सिंह वाला के घर पर छापा मारा।

किसान इन मांगों को लेकर कर रहे प्रदर्शन

किसान छह फसलों पर प्रदेश सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने, कर्ज माफी को लेकर नई योजना लाने, गन्ना किसानों को ब्याज समेत बकाया राशि देने, आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों को मुआवजा देने, सरहिंद फीडर नहर पर लगी मोटरों के बिल माफ करने और सरकार और किसानों के बीच समन्वय के लिए सब-कमेटी बनाने समेत कुल 18 मांगें पूरी करने की मांग कर रहे हैं।

ये बोले डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर

रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब पूरी तरह से शांतिपूर्ण है। किसान जहां भी आए हैं, उस क्षेत्र की पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया है। वे वहां शांतिपूर्वक बैठे हैं। पूरे पंजाब में यातायात सामान्य है… उन्हें किसी भी कीमत पर चंडीगढ़ नहीं आने दिया जाएगा। हमारे पास कड़ी सुरक्षा है…पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस के बीच अच्छा समन्वय है।

सीएम की किसानों से बातचीत रही थी बेनतीजा

मांगों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और किसान नेताओं के बीच चंडीगढ़ में हुई बैठक बेनतीजा रही थी। जिसके बाद आज किसान संगठन चंडीगढ़ में आज से पक्का मोर्चा लगाने का ऐलान कर चुके हैं। दूसरी तरफ सीएम भगवंत मान किसान संगठनों के इस रवैये से बहुत दुखी और नाराज हैं। सीएम का कहना है कि किसानों की अधिकत्तर मांगें केंद्र सरकार से संबंधित हैं लेकिन किसान प्रदेश में जगह-जगह धरने लगाकर प्रदेश का और अपना नुकसान कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें : Punjab Farmers Protest : किसानों की आज चंडीगढ़ हुंकार, यूटी पुलिस रोकने को तैयार

ये भी पढ़ें : Amritsar Crime News : नशा तस्करी में पिता-पुत्र गिरफ्तार, हथियार बरामद