दक्षिणी हरियाणा में किसान यूनियन की जड़ें मजबूत करने के लिए करेंगे चर्चा
Rewari News (आज समाज) रेवाड़ी: भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने 20 मार्च को रेवाड़ी में बैठक बुलाई है। बैठक का मुख्य उद्देश्य दक्षिणी हरियाणा में किसान संगठन की जड़ों को मजबूत करना है। बैठक में दक्षिणी हरियाणा के पदाधिकारियों के नामों पर चर्चा होगी।
बैठक रेवाड़ी अनाजमंडी स्थित किसान भवन में होगी। जिसमें भाकियू चढूनी गुट के किसान नेता भाग शामिल होंगे। बैठक में संगठन को दक्षिणी हरियाणा के किसानों से कैसे जोड़ा जाए पर चर्चा होगी। दक्षिणी हरियाणा के किसानों में अभी किसी भी किसान संगठन की खासी पैठ नहीं है। जिसके चलते यहां के किसानों का सहयोग संगठनों को मिल नहीं पाता है। वहीं किसानों को भी अपने हकों की खातिर लड़ने में दिक्कत आती है।
किसी भी किसान आंदोलन में हिस्सा नहीं लेते दक्षिणी हरियाणा के किसान
दक्षिणी हरियाणा के किसानों का 3 कृषि बिलों के खिलाफ आंदोलन में भी योगदान फीका रहा था। शाहजहापुर बॉर्डर पर पूरी तरह से किसान रास्ता अवरूद्ध नहीं कर पाए थे। कुछ दिन तक यहां सड़क पर एक तरफ किसानों का धरना चला था। ऐसे में किसान संगठनों के लिए चिंता का विषय है कि आखिर यहां के किसान क्यों किसी आंदोलन में सक्रिय नहीं होते हैं। जिस पर बैठक में भी मंथन होगा।
ओलावृष्टि के मुद्दे पर सरकार को घेर सकते है चढूनी
रेवाड़ी में एक माह के दौरान 3 बार ओलावृष्टि हो चुकी है। प्रदेश सरकार की ओर से गिरादवरी भी करवा दी गई है। लेकिन किसान प्रशासन की रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में 20 को जब चढूनी आएंगें तो उनके सामने यहां के किसान मुद्दा उठाएंगे। उसके बाद प्रशासन व प्रदेश सरकार को अल्टीमेटम देकर आंदोलन की घोषणा हो सकती है।
ये भी पढ़ें : अगले 24 घंटे में हरियाणा में चलेंगी तेज हवाएं