![Odisha's Shashi Poonia felt proud after visiting Surajkund and visiting her birthplace Faridabad News : सूरजकुंड में आकर अपनी जन्मभूमि का दर्शन कर गौरवान्वित हुई ओडिशा की शशि पूनिया](https://www.aajsamaaj.com/wp-content/uploads/2025/02/Odishas-Shashi-Poonia-felt-proud-after-visiting-Surajkund-and-visiting-her-birthplace-696x392.webp)
- ओडिशा को थीम स्टेट बनाए जाने पर हरियाणा सरकार के प्रति जताया आभार
(Faridabad News) सूरजकुंड। अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले के रूप में विख्यात सूरजकुंड की धरती पर इस साल ओडिशा को थीम स्टेट चुने जाने से इस राज्य के पुराने बाशिंदे भी काफी प्रसन्न नजर आ रहे हैं। अपने बाल्यकाल को ओडिशा में बिता कर आईं झज्जर निवासी शशि पूनिया कुछ ऐसा ही गौरव महसूस कर रही हैं। उन्होंने ओडिशा को थीम स्टेट बनाए जाने पर तहेदिल से हरियाणा सरकार का शुक्रिया अदा किया है।
मेले में ओडिशा की बनी कलाकृतियों की खरीद कर रही शशि पूनिया ने बताया कि उनका जन्म ओडिशा के राजगांगपुर जिला सुंदरगढ़ में वर्ष 1960 में हुआ था। उन्होंने अपना बचपन राउरकेला और उसके आसपास के शहरों में बिताया है।
ओडिशा राज्य लोक नृत्य, हस्तशिल्प, बुनकारी, काष्ठ कला, मूर्तिकला आदि के क्षेत्र में प्रसिद्ध रहा
वह भले ही विवाह के उपरांत हरियाणा में आ गईं हों, लेकिन ओडिशा आज तक उनके दिल में बसता है। उन्होंने कहा कि ओडिशा राज्य लोक नृत्य, हस्तशिल्प, बुनकारी, काष्ठ कला, मूर्तिकला आदि के क्षेत्र में प्रसिद्ध रहा है। सूरजकुंड में इस राज्य को थीम स्टेट बनाए जाने से यहां आ रहे पर्यटकों को भी ओडिशा की समृद्ध कलाओं के बारे में जानने का अवसर का प्राप्त होगा।
मेले में घूम कर खरीददारी का आनंद लिया
शशि पूनिया ने सूरजकुंड की भूमि पर बनाए गए ओडिशा पवेलियन में बने भगवान जगन्नाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की और उसके बाद मेले में घूम कर खरीददारी का आनंद लिया। वह यहां आकर काफी अभिभूत हैं और उनको लगता है कि हरियाणा में ही जैसे उन्हें अपनी जन्मभूमि के दर्शन हो गए हो।
उनके पति हरियाणा के झज्जर जिला निवासी उदयभान पूनिया ने बताया कि वे हर बार सूरजकुंड मेले में पहुंचते हैं, लेकिन इस बार उनका पूरा परिवार ओडिशा थीम स्टेट के प्रति आकर्षित होकर खुशी महसूस कर रहा है कि ओडिशा के साथ-साथ पूरे देश-विदेश को विभिन्न माध्यमों से हरियाणवी संस्कृति से भी रूबरू करवाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : Faridabad News : मेला परिसर में इंटरनेशनल पवेलियन बना पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र