
- संयुक्त परिवार में रहना मुश्किल है असंभव नहीं : रविंद्र जोशी
- विदेशी ताकतों ने चलाया है भारतीय परिवारों को नष्ट करने का कुचक्र : रविंद्र जोशी
(Faridabad News) फरीदाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रकल्प कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम में अखिल भारतीय संयोजक रविंद्र जोशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विदेशी ताकतें भारतीय परिवारों को नष्ट करने का कुचक्र चलाए हुए हैं। हमें इससे सावधान रहने की आवश्यकता है। वर्तमान में टी वी धारावाहिक, मोबाइल का अधिक प्रयोग, जोमैटो से रसोई और लिव इन जैसी प्रवृत्तियों ने भारतीय परिवारों पर बहुत बुरा प्रभाव डाला है।
संघ द्वारा 2008 में शुरू किए गए कुटुंब प्रबोधन से ही सर्व समाज एवं भारतीय परिवारों का भला हो सकता है। सेक्टर-15 स्थित गीता मंदिर प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा कुटुंब प्रबोधन कार्यक्रम में अखिल भारतीय संयोजक रविंद्र जोशी ने फरीदाबाद विभाग के 100 से अधिक परिवार जनों के समूह को अपने उद्बोधन में बताया कि विदेशी ताकतें भारतीय परिवारों को नष्ट करने का कुचक्र चलाए हुए हैं।
घर पर खाना बनाने के बजाय ऑनलाइन खाना मंगवाने का चलन बढ़ गया
ऑनलाइन खाना मंगवाने वाले जोमैटो के चलन से हमारी रसोई खतरे में है आज घर पर खाना बनाने के बजाय ऑनलाइन खाना मंगवाने का चलन बढ़ गया है। मोबाइल का अत्यधिक प्रयोग, रील देखने की आदत ये सब हमारे भारतीय परिवारों को बुरी तरह प्रभावित कर रहे हैं।
श्री जोशी ने कहा कि एकल परिवार की संस्कृति के चलते संयुक्त परिवार तो समाज से गायब हो गए। संयुक्त परिवार में रहना मुश्किल है असंभव नहीं। इस अवसर पर उत्तर क्षेत्र संपर्क प्रमुख श्रीकृष्ण सिंघल, डॉ. सुनील कुमार गर्ग, डॉ. अरविंद सूद, अरुण वालिया, मुकेश मंगला, सुरेश सैनी, रोहित सिंगला एवं काफी संख्या में प्रबुद्धजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं 100 से अधिक परिवार के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम समापन पर सभी ने अल्पाहार लिया।
यह भी पढ़ें : Faridabad News : डायबिटीज मरीजों में बढ़ रहा किडनी रोग का खतरा : डॉ. जितेंद्र कुमार