(Faridabad News) सूरजकुंड (फरीदाबाद)। 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में जब केप वर्डे देश के कलाकारों ने हिंदी गीत कह दो ना कह दो ना यू आर माई सोनिया… की प्रस्तुति बड़ी चौपाल के माध्यम से दी तो पंडाल में उपस्थित सभी दर्शकों ने जोर शोर से उनका स्वागत किया।
हरियाणा की ओर से मुख्य चौपाल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा
इसके बाद इस देश के कलाकारों ने अवर म्यूजिक अवर डांस की पेशकश से भी खूब वाहवाही लूटी। इसी तरह रविवार को मेले की बड़ी चौपाल पर विदेशी कलाकारों का जलवा छाया रहा। पर्यटन निगम के साथ ही कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग हरियाणा की ओर से मुख्य चौपाल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस मंच पर देश के साथ-साथ विश्वभर के कलाकार अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से पर्यटकों का मन जीत रहे हैं।
सूरजकुंड मेला न केवल हस्तशिल्प और कला का मंच है, बल्कि विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन गतिविधियों का भी केंद्र है, जो इसे एक समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव बनाते हैं। रविवार को बड़ी चौपाल पर पश्चिम अफ्रीका के देश गिनी कोनाक्री के लोक कलाकारों ने रिद्म ऑफ काकांडे नृत्य की प्रस्तुति पेश की तो वहीं जिम्बाब्वे के कलाकारों ने अपने देश के पारंपरिक नृत्य का जलवा बिखेरा।
वहीं मेडागास्कर देश से आए उनके मुख्य बैंड मालागासी की बीट पर दर्शकों को खूब नचाया। इसी तरह मालवी, युगांडा, जाम्बिया, वियतनाम, तंजानिया, साउथ सूडान, कोमरोस आदि देशों के कलाकारों ने भी अपनी समृद्ध संस्कृति से ओतप्रोत कार्यक्रमों की पेशकश दीं। वहीं देश के विभिन्न राज्यों सहित मेले के थीम स्टेट ओडिशा और मध्य प्रदेश के लोक कलाकारों ने भी गायन और सामूहिक नृत्य से पर्यटकों का खूब मनोरंजन किया।
यह भी पढ़ें : Faridabad News : साइक्लोथॉन का उद्देश्य शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना : उपायुक्त विक्रम सिंह