महिला पुलिस की वर्दी पहनकर पहुंची थी थाने, स्टाफ को धमकाया
Sonipat News (आज समाज) सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में एक नकली महिला इंस्पेक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। महिला पुलिस की वर्दी में पुलिस स्टेशन पहुंच गई थी। यहां पर उसने स्टाफ को भी धमकाया, लेकिन बाद में महिला की असलियत सामने आ गई, जिसके बाद पुलिस ने नकली महिला इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी महिला की पहचान भिवानी के गांव प्रहलाद गढ़ की रहने वाली प्रियंका के रूप में हुई। उसकी शादी झज्जर जिले के चमनपुरा गांव में संदीप से हुई थी। पति से विवाद के बाद वह अब गोहाना में कथूरा में सोनू नाम के युवक संग सहमति संबंध में रह रही है।
रोहतक महिला थाना प्रभारी के रूप में दी अपनी पहचान
सोमवार शाम को पुलिस की वर्दी में महिला इंस्पेक्टर सोनीपत के महिला थाना में पहुंची। उसके साथ एक अन्य महिला भी थी। इंस्पेक्टर ने अपनी पहचान रोहतक महिला थाना प्रभारी प्रियंका के रूप में दी। उनकी वर्दी पर नेमप्लेट भी लगी थी। उसने महिला थाना में नियुक्त ज्योति को बताया कि उसके साथ आई महिला गोहाना की रहने वाली सुदेश है। उसने अपने पति के खिलाफ गोहाना में शिकायत दी थी। वहां पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अब यहां शिकायत देने आई है। इसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। इंस्पेक्टर की वर्दी में पहुंची महिला के हावभाव देखकर महिला थाना कर्मी को शक हो गया।
बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को हुआ शक
प्रियंका ने पहले खुद को महिला थाना रोहतक की प्रभारी बताया। बाद में कहने लगी कि वह गुरुग्राम में तैनात है। साथ ही कहा कि वह नारनौल थाना में इंस्पेक्टर रही है। जिस पर पुलिस को शक हुआ। महिला थाना पुलिस ने सिटी थाना प्रभारी को बुला लिया। उनकी पूछताछ में मामले से पर्दा उठ गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जिस महिला की सिफारिश के लिए नकली इंस्पेक्टर बनकर आई थी प्रियंका उसका पति से चल रहा विवाद
पुलिस पूछताछ में पता लगा है कि इंस्पेक्टर बनकर प्रियंका जिस सुदेश की सिफारिश में आई थी उसका पति से विवाद चल रहा है। वह गोहाना में कपड़े सिलाई का काम करती है। उसने पति के खिलाफ गोहाना में शिकायत दे रखी थी। अभी कार्रवाई नहीं होने पर प्रियंका ने सुदेश को बताया था कि वह इंस्पेक्टर है और सोनीपत महिला थाना में शिकायत दिलाकर उसकी कार्रवाई कर देगी।
पुलिस ने आरोपी महिला को दो दिन के रिमांड पर लिया
सिटी सोनीपत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेश कुमार का कहना है कि महिला थाना में इंस्पेक्टर की वर्दी पहनकर पहुंची आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसे दो दिन के रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। वह गोहाना की महिला को साथ लेकर उसकी शिकायत पर कार्रवाई के लिए सिफारिश करने आई थी।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज मौसम रहेगा साफ, कल 14 जिलों में चलेंगी लू, यलो अलर्ट जारी
ये भी पढ़ें : हरियाणा में अब आॅफलाइन भी खरीदी जाएगी फसल