Haryana News Chandigarh: हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी बर्दाश्त नहीं: राहुल गांधी

0
13
हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी बर्दाश्त नहीं: राहुल गांधी
हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी बर्दाश्त नहीं: राहुल गांधी

खड़गे ने कहा- साढ़े 9 साल के फेल सीएम को मोदी जी ने पावर मिनिस्टर बना दिया

Haryana News (आज समाज) चंडीगढ़: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में हरियाणा कांग्रेस नेताओं की क्लास लगाई। बुधवार देर रात तक चली बैठक में राहुल गांधी ने पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा और कुमारी सैलजा की गुटबाजी को लेकर कड़े तेवर दिखाए। राहुल ने दो टूक कहा कि गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी बंद करो। किरण चौधरी के कांग्रेस छोड़ने पर राहुल गांधी ने कहा कि अवसरवादी लोगों के लिए पार्टी के दरवाजे हमेशा के लिए बंद रहेंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि हरियाणा में साढ़े 9 साल के फेल सीएम को मोदी जी ने पावर मिनिस्टर बना दिया। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हरियाणा के किसानों और नौजवानों को भाजपा ने धोखा दिया है। आने वाले चुनाव में हमें सभी छत्तीस बिरादरी के लोगों का विश्वास हासिल करना है। भाजपा के 10 वर्षों के शासन ने हरियाणा के विकास को रोक दिया है। सैकड़ों भर्ती परीक्षाओं में धांधली हुई। किसानों पर घोर अत्याचार हुए। लाठियां बरसाईं गई। दलितों-पिछड़ों और महिलाओं पर अत्याचार हुए। अपराधों में तेजी आई है। इस कुशासन के चलते हरियाणा विकास के रास्ते से भटक गया है। खड़गे ने कहा कि अग्निपथ योजना से हरियाणा के वीर देशभक्त जवानों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। मोदी सरकार के बेटी बचाओ योजना भी हरियाणा में शुरू हुई थी। मगर, हमारे ओलिंपिक चैंपियंस को अपने सम्मान के लिए सड़कों पर धरना देना पड़ा। इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या हो सकता है। हम सबको एकजुट होकर जनता की आवाज बुलंद करना है। इसके साथ ही कांग्रेस ने अक्टूबर-नवंबर में होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 5 बड़े मुद्दे तय कर लिए हैं। मीटिंग के बाद भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हम चुनाव के लिए तैयार हैं। एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।

70 से ज्यादा सीटें जीतेंगे: बाबरिया

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि 40 नेताओं के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और वेणुगोपाल ने मीटिंग की। इसमें पूरी समीक्षा की गई। लोकसभा के हरियाणा में अच्छे नतीजे आए। अब 47% वोट शेयर तक पहुंच गए। 47 विधानसभा सीटों में हमारा बहुत रहा। राहुल गांधी ने इसकी तारीफ की। राहुल गांधी ने पूरी एकजुटता से अगला चुनाव लड़ने के लिए कहा। इसके लिए जो भी जरूरी कदम होंगे, वह उठाएंगे। हमने जातीय समीकरण को देख अच्छी छवि के नेताओं को टिकट दी। विधानसभा में भी ऐसे ही करेंगे। हमारा लक्ष्य है और दावे के साथ कहते हैं कि विधानसभा में हमें 70 सीटों से ज्यादा का बहुमत मिलेगा।

राहुल गांधी की अहम बातें

गुटबाजी बर्दाश्त नहीं होगी
टिकट वितरण में सावधानी बरतें
बुरे समय में साथ छोड़ने वालों के लिए दरवाजे बंद

SHARE