एग्जिट पोल की रिपोर्ट आप और कांग्रेस के लिए निराशाजनक

Delhi News Today (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीते कल दिल्ली की जनता ने मतदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जनता से बंपर मतदान की अपील की गई थी। बावजूद इसके दिल्ली में औसत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों की बात की जाए तो शाम छह बजे तक 60.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

13, 766 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग

इस बार के विधानसभा चुनाव कराने के लिए दिल्ली में कुल 13,766 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे, जिनमें 733 सहायक मतदान केंद्र भी रहे। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। सभी मतदान केंद्रों को मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया था। 70 मतदान केंद्रों को महिलाओं, दिव्यांगों और युवाओं द्वारा संचालित किया गया, जिससे इन वर्गों को प्रेरणा और समान अवसर मिले।

सभी मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से निगरानी रखी गई। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। मतगणना 8 फरवरी को होगी, जिसके बाद दिल्ली के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। ऐसे में अब सभी की निगाहें 8 फरवरी को मतगणना पर टिकी हैं। जब ये स्पष्ट होगा कि दिल्ली की सत्ता की बागडोर किसके हाथ में जाएगी।

इस बार आप और कांग्रेस को हो सकता है नुकसान

मतदान के बाद देर शाम जारी किए गए एग्जिट पोल के अनुसार इस बार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को नुकसान हो सकता है। वहीं भाजपा का 27 साल का सूखा खत्म होता दिखाई दे रहा है। तीसरी प्रमुख राजनीतिक पार्टी कांग्रेस की हालत पिछले दो विधानसभा चुनाव की तरह ही रहने वाली है। कांग्रेस का निराशाजनक प्रदर्शन भी जारी रहने की उम्मीद है। इसके उल्ट तीनों राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहीं है। भाजपा की तरफ से रमेश बिधूड़ी ने कहा कि यह मोदी की लहर है और दिल्ली की जनता विकास के वोट डाल चुकी है। दूसरी तरफ आप नेता सुशील गुप्ता ने कहा कि उन्होंने दिल्ली के लिए काम किया है इसलिए दिल्ली की जनता एक बार फिर उनकी पार्टी को ही चुनेगी।

ये भी पढ़ें : Delhi Exit Poll : दिल्ली में भाजपा का 27 साल का सूखा खत्म होने के आसार

ये भी पढ़ें : Delhi Political News : एग्जिट पोल से गदगद हुए भाजपा नेता