Saif received Threat: सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी, कौन कर रहा बॉलीवुड को टारगेट, किसके निशाने पर सैफ?

0
284

Saif received Threat: फिल्मी सितारों को धमकियां मिलने का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है। इसी कड़ी में अब सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड आरोपी जिशान अख्तर ने सैफ अली खान को धमकी दी है। हालांकि, मुंबई पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

तुषार, आयुष्मान को मिल चुकी धमकी

इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना समेत कुछ अन्य कलाकारों को भी धमकियां मिल चुकी हैं। इन मामलों में पुलिस ने बेंगलुरु निवासी 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। बताया गया कि वैभव आईआईटी ग्रेजुएट है। जांच में सामने आया था कि वैभव का किसी गैंग से कोई संबंध नहीं था। वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर फिल्मी सितारों को धमकियां दे रहा था।

पुलिस मामले की कर रही जांच

सैफ अली खान को मिली ताजा धमकी के मामले में भी पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी के पीछे वाकई जिशान अख्तर का हाथ है या कोई व्यक्ति AI अथवा अन्य तरीकों का इस्तेमाल कर पुलिस और फिल्मी कलाकारों को परेशान करने की कोशिश कर रहा है।

सैफ पर पिछले साल हुआ हमला

सैफ अली खान पर पिछले साल चाकू से हमला हुआ था। 16 जनवरी, 2025 की रात मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर में चाकू से जानलेवा हमला हुआ था। हमलावर चोरी के इरादे से घर में घुसा था। वह रात करीब 1:30 बजे बिल्डिंग परिसर में पहुंचा और दीवार व डक्ट पाइप के सहारे ऊपर चढ़कर घर में दाखिल हुआ। वह सैफ के छोटे बेटे जेह के कमरे से जुड़े बाथरूम के रास्ते अंदर पहुंचा था। रात करीब 2:30 बजे घर में काम करने वाली नर्स एलियामा फिलिप ने उसे बाथरूम में छिपा देखा।

सैफ से मांगे थे एक करोड़ रुपये 

आरोपी ने उनसे पैसे मांगे और एक करोड़ रुपये की मांग की। नर्स के शोर मचाने पर घर के लोग जाग गए। सैफ और करीना कपूर बच्चे के कमरे की तरफ पहुंचे। सैफ ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर चाकू से कई वार कर दिए। इस हमले में सैफ की पीठ, गर्दन और हाथों पर चोटें आई थीं। घर की एक महिला कर्मचारी भी घायल हुई थीं। करीना ने बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और घायल सैफ को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई।

  • TAGS
  • [post_tags]