Sonipat News: सोनीपत में भाऊ गैंग के 3 शार्पशूटरों का एनकाउंटर

0
198
सोनीपत में भाऊ गैंग के 3 शार्पशूटरों का एनकाउंटर
सोनीपत में भाऊ गैंग के 3 शार्पशूटरों का एनकाउंटर

दिल्ली पुलिस का सब इंस्पेक्टर घायल, 5 आटोमैटिक पिस्टल मिले
Sonipat News (आज समाज) सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार रात को पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हुई है। इसमें कुख्यात गैंगस्टर फिरौती किंग हिमांशु भाऊ गैंग के 3 कुख्यात शार्प शूटरों को पुलिस ने मार गिराया। इस दौरान दिल्ली क्राइम ब्रांच के एक सब इंस्पेक्टर अरूण को भी गोली लगी। पुलिस ने रात को ही तीनों बदमाशों के शव अस्पताल पहुंचा दिए। पुलिस एनकाउंटर में मारे गए बदमाशों की पहचान हिसार निवासी आशीष उर्फ लालू, हिसार के गांव खरड़ निवासी सन्नी खरड़ और सोनीपत के गोहाना के गांव रिंढाना निवासी विक्की के रूप में हुई है। हिसार में व्यापारियों से मांगी गई फिरौती समेत कई मर्डर व अन्य वारदातों में इनका हाथ है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी पर लाखों रुपए का इनाम रखा था। जानकारी के अनुसार सोनीपत के खरखौदा गांव में छिनौली बाइपास पर सोनीपत एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और न्यू दिल्ली रेंज पुलिस ने यह जॉइंट आॅपरेशन किया था। इन बदमाशों से पुलिस को 5 आॅटोमैटिक हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार रात करीब नौ बजे एसटीएफ सोनीपत प्रभारी योगेंद्र दहिया के नेतृत्व में टीम गश्त कर रही थी। वहीं न्यू दिल्ली रेंज क्राइम ब्रांच की एक टीम भी खरखौदा क्षेत्र में थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि भाऊ गैंग से जुड़े 3 बदमाश छिनौली रोड से आने वाले हैं। पुलिस को उनके पास हथियार होने की सूचना थी। इसी बीच पुलिस ने रोहतक बाइपास के पास नाका लगा दिया। कुछ देर बाद सफेद रंग की किया गाड़ी पुलिस को आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर दी। जिसके बाद दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। जिसमें 3 शार्पशूटरों को गोली लग गई। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।