तिलक नगर में सिपाही, तो विकासपुरी में बदमाश को लगी गोली

Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली : अपराधियों पर लगाम कसने के लिए दिल्ली पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी के चलते आज पुलिस और बदमाशों में दो जगह मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ तिलक नगर व विकासपुरी में हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तिलकनगर पुलिस लूटपाट के एक मामले में जांच कर रही थी।

इसी दौरान बदमाश और पुलिस कर्मी आमने सामने आ गए। जिसके बाद बदमाशों ने तुरंत पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक गोली सिपाही संदीप के पेट में लगी। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल सिपाही को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने दो पिस्टल और एक बाइक बरामद की है।

विकासपुरी में गोलीबारी के बाद बदमाश पकड़ा

पश्चिमी जिला के विकासपुरी इलाके में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश की पहचान इंद्रा कैंप विकासपुरी निवासी आकाश झा के रूप में हुई है। वह गौतमबुद्ध नगर (यूपी) के पुलिस स्टेशन के गुंडा एक्ट के एक मामले में भी वांछित है। जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि जिले की स्पेशल स्टाफ को लगातार सूचना मिल रही थी कि आकाश नाम का बदमाश लोगों को धमकाकर उनसे वसूली करने का प्रयास कर रहा है।

पुलिस ने उसके ठिकाने का पता लगा कर उसे पकड़ने के लिए विकासपुरी के एक घर पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही बदमाश ने गोली चला दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। एक गोली बदमाश के पैर में लगी। घायल बदमाश को तुरंत डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें : Delhi News Today : दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों को लेकर किया बड़ा ऐलान

ये भी पढ़ें : Delhi Budget Session : सदन का समय बर्बाद न करे विपक्ष : विजेंद्र गुप्ता