Himachal By Poll 2024 : कर्मचारियों को धमकाया जा रहा : जयराम ठाकुर 

0
140
कर्मचारियों को धमकाया जा रहा : जयराम ठाकुर 
कर्मचारियों को धमकाया जा रहा : जयराम ठाकुर 
कहा, ठेकेदारों से सरकार ने चुनाव के नाम पर की भारी वसूली, धमका कर मांग रहे समर्थन
Himachal By Poll 2024 (आज समाज) नालागढ़। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने चुनाव के नाम पर ठेकेदारों से भारी वसूली की है, अब कांग्रेस के लिए समर्थन मांग रहे हैं। भाजपा को समर्थन देने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उपचुनाव जीतने के लिए पूर्णतया तानाशाही पर उतर आई है। भाजपा के समर्थकों को परेशान करने के हर जतन कर रही है। सरकार चाहती है कि कोई भी भारतीय जनता पार्टी को किसी प्रकार का सहयोग और समर्थन न दें।

दुकानदारों को प्रताड़ित किया जा रहा

दुकानों पर भारतीय जनता पार्टी के झंडे लटकाने पर दुकानदारों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्हें पुलिस द्वारा डराया धमकाया जा रहा है। अब तक सिर्फ़ उपचुनाव वाले तीनों विधानसभा क्षेत्रों में हजारों दुकानदारों के यहां इसलिए छापा मारा गया, क्योंकि उन्होंने भाजपा का झण्डा अपने दुकानों पर लगाया हुआ था। इसी तरह से कर्मचारियों को भी निशाना बनाया जा रहा है।
जयराम ठाकुर यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कोई भी कर्मचारी भाजपा के पक्ष में कोई बात न कर दे, उस पर नजर रखी जा रही है। संबंधित विभाग के मंत्रियों द्वारा कर्मचारियों की मॉनीटरिंग करवाई जा रही है और भाजपा का सहयोग न करने की सख़्त चेतावनी दी जा रही है। सरकार ने जानबूझकर या तीनों उपचुनाव देरी से करवाए जिससे वह सत्ता के दम पर चुनाव को प्रभावित कर सकें।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा सिर्फ ठेकेदार और कर्मचारियों को ही नहीं चुने हुए जनप्रतिनिधियों को भी परेशान किया जा रहा है। चाहे पंचायत प्रधान हो या बीडीसी मेंबर या जिला परिषद के सदस्य, सभी को सख्त हिदायत दी गई है कि उनके क्षेत्र से यदि भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिली तो व अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।