आज समाज नई दिल्ली: Elvish Yadav: मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव अक्सर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार वो विवादों में गहरे फंस गए हैं। बिग बॉस 18 की फाइनलिस्ट और पूर्व मिस अरुणाचल चुम दरांग पर अपमानजनक और नस्लवादी टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह विवाद तब खड़ा हुआ जब उन्होंने बिग बॉस के प्रतियोगी रजत दलाल के साथ एक पॉडकास्ट में चुम दरांग पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
FIR दर्ज होते ही बदले सुर, एल्विश यादव ने दी सफाई
मामले की गंभीरता बढ़ने के बाद अब एल्विश यादव ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखकर सफाई दी। उन्होंने कहा, “मेरी बातों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और लोगों को गुमराह किया जा रहा है। मेरा मकसद किसी को ठेस पहुंचाने या अपमानित करने का नहीं था। मैं हमेशा सबका सम्मान करता आया हूँ और आगे भी करता रहूंगा।”
एल्विश ने आगे लिखा,”यह बहुत दुखद है कि मेरी बातों का गलत मतलब निकाला गया और इसे एक झूठी कहानी बना दिया गया। नस्लवाद के जो आरोप मुझ पर लगाए जा रहे हैं, वो पूरी तरह गलत हैं। किसी भी तरह की गलतफहमी से बचने के लिए मैंने उस हिस्से को अपने पॉडकास्ट से हटा दिया है और अगले व्लॉग में सब कुछ साफ कर दिया है।”
क्या कहा था एल्विश यादव ने, जिससे मचा बवाल?
पॉडकास्ट के दौरान एल्विश यादव ने चुम दरांग को लेकर अपमानजनक और अश्लील टिप्पणी की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त हंगामा मच गया। लोग एल्विश को नस्लवादी करार देने लगे और उनकी गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। ट्रोलिंग बढ़ने पर एल्विश ने अपने वीडियो से विवादित हिस्सा डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक मामला FIR तक पहुंच चुका था।
अब क्या होगा एल्विश यादव का भविष्य?
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस जल्द ही एल्विश यादव से पूछताछ कर सकती है। देखना होगा कि क्या इस विवाद से उनका करियर प्रभावित होगा, या वह इससे उबरने में सफल रहेंगे?