परीक्षण सफल होने पर अंबाला कैंट बस अड्डे से चलाई जाएंगी बसें
Ambala News (आज समाज) अंबाला: अंबाला डिपो की ओर से जल्द ही चंडीगढ़ और कालका तक चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएगी। यह बसें अंबाला कैंट बस अड्डे से चलाई जाएगी। बसों के संचालन से पहले रोडवेज विभाग द्वारा इन रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण सफल होने के बाद बसों का संचालन अंबाला कैंट बस अड्डे से पंचकूला, चंडीगढ़ और कालका की ओर किया जाएगा। बसों के संचालन से पहले रोडवेज अधिकारी इलेक्ट्रिक बस के रूटों का भी आंकलन करेंगे।
अंबाला से बसों का संचालन होने से न केवल लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी, बल्कि नौकरीपेशा, विद्यार्थी और अन्य यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। फिलहाल जीरकपुर तक ही इलेक्ट्रिक बस का संचालन किया जा रहा है। गौरतलब है कि अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, नीलोखेड़ी, यमुनानगर, शाहाबाद व अन्य जिलों से रोजाना सैकड़ों सरकारी, गैर सरकारी, विद्यार्थी व यात्री पंचकूला, चंडीगढ़ व कालका आते-जाते हैं।
अंबाला डिपो के राजस्व में होगी वृद्धि
इन रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पर्यावरण की सुरक्षा होगी और यात्रियों को भी काफी राहत मिलेगी। इससे अंबाला डिपो का राजस्व भी बढ़ेगा। इस समय अंबाला डिपो के पास पांच इलेक्ट्रिक बसें हैं। इसमें दो बसें अंबाला शहर से अंबाला छावनी के बीच संचालित की जा रही हैं।
इसके साथ ही एक बस अंबाला शहर से तोपखाना और कलेरहेड़ी रूट पर और चौथी बस अंबाला शहर से बोह-बब्याल के बीच संचालित की जा रही है। वहीं, पांचवीं इलेक्ट्रिक बस अंबाला शहर से वाया अंबाला छावनी जीरकपुर तक चलाई जा रही है, जबकि अंबाला शहर और अंबाला छावनी रूट पर लगाई गई दो बसों में से एक को पंचकूला में ट्रायल के तौर पर चलाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : अध्यात्म और शौर्य का प्रतीक है बिहार : वीरेंद्र सचदेवा