Election Commission: महाराष्ट्र एक चरण और झारखंड में दो चरणों में होंगे चुनाव

0
19
Election Commission: झारखंड में दो चरणों और महाराष्ट्र में एक चरण में होंगे चुनाव
Election Commission: झारखंड में दो चरणों और महाराष्ट्र में एक चरण में होंगे चुनाव

Election Commission Press Conference, (आज समाज), नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों का ऐलान कर दिया है। थोड़ी देर पहले प्रेस कांफ्रेंस में आयोग ने बताया कि झारखंड में दो चरणों में मतदान होंगे। पहले चरण की वोटिंग 13 नवंबर और दूसरे चरण की वोटिंग 20 नवंबर को होगी। वहीं महाराष्ट्र में 20 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा। दोनों राज्यों के परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

महाराष्ट्र का चुनावी कार्यक्रम

महाराष्ट्र के लिए जारी किए गए चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक अधिसूचना 22 अक्टूबर को जारी की जाएगी। इसके अलावा नामांकन भरने की अंतिम तारीख 29 अक्टूबर और 30 अक्टूबर तक नामांकन की जांच की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त  राजीव कुमार के मुताबिक उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख तीन नवंबर है। 20 नवंबर को मतदान होगा।

कुल मतदाता 9.63 करोड़

बता दें कि महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटें और बहुमत का आंकड़ा 145 है। राजीव कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या 9.63 करोड़ है। इनमें से 4.66 करोड़ महिलाएं और 4.97 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। वहीं 20-29 की उम्र के 1.85 करोड़ वोटर हैं। 20.93 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

झारखंड का चुनावी कार्यक्रम

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अधिसूचना 18 अक्टूबर को जारी की जाएगी। 25 अक्टूबर को नामांकन भरने की आखिरी तारीख होगी। 28 अक्टूबर नामांकन की जांच की जाएगी और उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण के लिए 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 30 अक्टूबर तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 10 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे और 20 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा।

कुल मतदाता 2.6 करोड़ 

बता दें कि झारखंड में 81 विधानसभा सीटें हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2025 को पूरा हो रहा है। राज्य के 24 जिलों में 2.6 करोड़ मतदाता हैं और इनमें से पहली बार वोट डालने वालों की संख्या 11.84 लाख है। वहीं 1.14 लाख वोट देने वाले लोग 85 से ज्यादा की उम्र के हैं। वहीं 29 हजार 562 पोलिंग स्टेशन हैं। राजीव कुमार ने बताया कि हम इस दफा भी विमेन और पीडब्ल्यूडी मैनेज्ड मतदान केंद्र बनाएंगे।

यह भी पढ़ें : Supreme Court: चुनावी रेवड़ियों के मामले में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को नोटिस