Haryana Assembly Election: चुनाव प्रचार बंद, आज डोर टू डोर, कल वोटिंग

0
12
चुनाव प्रचार बंद, आज डोर टू डोर, कल वोटिंग
Haryana Assembly Election: चुनाव प्रचार बंद, आज डोर टू डोर, कल वोटिंग

5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी मतदान प्रक्रिया
Chnadigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पिछले 49 दिन से जारी चुनाव प्रचार का शोर गुरुवार शाम को थम गया। पिछले 49 दिन में सभी पार्टियों ने चुनाव प्रचार के लिए जमकर पसीना बहाया। सभी पार्टियों के स्टार प्रचारकों ने भी अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में धुंआदार प्रचार कर उनके पक्ष में माहौल बनाने की अपील की। चुनाव प्रचार में पिछले 10 साल से प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा और हरियाणा की सत्ता हासिल करने के लिए रास्ता तलाश रही कांग्रेस ने सबसे ज्यादा मौजूदगी दर्ज कराई।

इन दोनों पार्टियों ने जमकर रैलिया, जनसभाएं व रोड शो निकाले। वहीं आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही जजपा मुख्य मुकाबले से बाहर है। इनेलो-बसपा गठबंधन का चुनाव प्रचार भी मात्र कुछ ही सीटों तक सीमित रहा। हरियाणा में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के ही बीच होगा। चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद से सभी प्रत्याशी घर-घर जाकर लोगों से वोट की अपील करेंगे। कल वोट डाले जाएंगे। प्रत्याशियों को मेहनत का फल 8 अक्टूबर को मिलेगा। 8 अक्टूबर को ही तस्वीर साफ जाएगी की प्रदेश जनता किसका शासन चाहती है।

आज पोलिंग पार्टियां होगी रवाना

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार आज पूरे प्रदेश के 20,632 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। बता दें कि हरियाणा में 5 अक्टूबर यानी कल सुबह 7 बजे से वोटिंग होगी। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, मतदान 5 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इस दौरान किसी भी तरह की चुनावी सामग्री को सिनेमैटोग्राफी, टेलीविजन या अन्य उपकरणों के माध्यम से प्रदर्शित नहीं किया जा सकता है।

पुलिस व प्रशासन अलर्ट

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कल वोटिंग होनी है। किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में नाकाबंदी कर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। चुनाव के दौरान कुछ शरारती तत्व माहौल खराब कर शांति व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। ऐसे व्यक्तियों को विशेष हिदायत देकर उन पर कड़ी नजर रखें, ताकि चुनाव प्रक्रिया को सही और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न किया जा सके।

मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना

हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर वोटिंग होने वाले दिन यानी की 5 अक्टूबर को मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि 5 अक्टूबर को हरियाणा के 18 जिलों में बारिश होगी। इनमें 7 जिले ऐसे हैं, जहां 25 से 50% बारिश के आसार हैं। इनमें हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल हैं। इससे बारिश के कारण प्रदेश की 27 सीटों पर वोटिंग प्रभावित हो सकती है।

यह भी पढ़ें : Supreme Court: ईशा फाउंडेशन के खिलाफ पुलिस जांच के आदेश पर रोक