प्रदेश के वित्त मंत्री ने नशा तस्करों को दी चेतावनी

कहा, नशे में लिप्त कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब में सरकार ने नशा तस्करी के खिलाफ लड़ाई को अब निर्णायक रूप दे दिया है। एक तरफ जहां सीएम मान ने एक हाईलेवल मीटिंग करते हुए सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र से तीन माह के अंदर नशा खत्म करने के आदेश दिए हैं। वहीं प्रदेश के वित्त मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब के नशा तस्करों को सख्त और अंतिम चेतावनी दी है कि वे या तो नशा तस्करी छोड़ दें या पंजाब छोड़ दें। उन्होंने यह चेतावनी कैबिनेट सब-कमेटी के अपने सह-सदस्य अमन अरोड़ा, डा. बलबीर सिंह, तरुनप्रीत सिंह सोंद और लालजीत सिंह भुल्लर, मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और डीजीपी गौरव यादव की उपस्थिति में पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने प्रदेश से नशे के खात्मे के लिए पिछले तीन वर्षों में एक बड़ा अभियान चलाया है। नवगठित कैबिनेट सब-कमेटी का उद्देश्य पंजाब भर में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सिविल और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर 24 घंटे काम करते हुए प्रयासों को तेज करना है।

अकाली-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस पार्टी को घेरा

अकाली-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस पार्टी पर 2002 से 2022 तक अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे की ओर धकेलने का आरोप लगाते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य में नशा तस्करी को संरक्षण देने वाले राजनीतिक नेताओं, नशा तस्करों और पुलिस अधिकारियों के बीच अनैतिक गठजोड़ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनावों के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तलवंडी साबो में गुटका साहिब हाथ में लेकर शपथ ली थी कि यदि उनकी सरकार बनी तो प्रदेश से नशे का पूरी तरह से खात्मा कर दिया जाएगा, लेकिन सत्ता में आने के बाद ऐसा कुछ नहीं किया गया।

3 वर्षों में 612 करोड़ की संपत्ति जब्त की

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि हाल ही में एनडीपीएस एक्ट के तहत लगभग 12 हजार एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें से केवल 24 व्यक्तियों को ही डिफाल्टर जमानत मिली है, जबकि पिछली सरकारों के दौरान राजनीतिक प्रभाव के कारण नशा तस्कर अक्सर ही जमानत ले लेते थे।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि आप सरकार ने 3 वर्षों में नशा तस्करों की 612 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है, जबकि कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल में केवल 142 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन के दौरान 197 किलोग्राम के मुकाबले मौजूदा सरकार द्वारा 1128 किलो हेरोइन बरामद की गई है, जिससे 600 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने आगे कहा कि एनडीपीएस मामलों में आरोप सिद्ध होने की दर 85 फीसदी हो गई है, जो देश में सबसे अधिक है, जबकि 2022 से पहले यह केवल 58 फीसदी थी।

ये भी पढ़ें  : Punjab Crime News : पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन से हथियार बरामद

ये भी पढ़ें  : Punjab News Update : नशे के खिलाफ पंजाब सरकार की निर्णायक जंग