Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र के पिहोवा में महिला से पौने 8 लाख रुपए हड़पे

0
164
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में महिला से पौने 8 लाख रुपए हड़पे
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में महिला से पौने 8 लाख रुपए हड़पे

Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पिहोवा क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी महिला के बेटे को विदेश भेजने के नाम पर 7 लाख 72 हजार रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। कुरुक्षेत्र एसपी के आदेश पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पिहोवा के गांव मलिकपुर की महिला हरजिंदर कौर ने सिटी थाना में शिकायत में बताया वह अपने बेटे कुलविंदर सिंह को विदेश भेजना चाहती थी। उसके किसी जानकर ने उसकी मुलाकात गांव अरनैचा निवासी मदनलाल से करवाई। मदनलाल ने महिला को बताया कि वह हरप्रीत सिंह निवासी बस्ती हाजीवल के साथ मिलकर युवाओं को इटली भेजने का काम करता है। वह महिला के बेटे को भी इटली भेज देंगे। इसके लिए 14 लाख रुपए में इटली भेजने की बात तय हुई। हरजिंदर कौर ने बताया कि दोषियों ने उसके बेटे को 7 सितंबर 2023 को अलमाटी भेज दिया। वहां पर उसका लड़का 2 दिन रहा। उसके बाद वह रशिया देश पहुंच गया। फिर रशिया देश से टैक्सी के जरिए बेलारूस में एंट्री करवाकर डोंकरो के साथ उसे जंगलो में भेज दिया। 15 सितंबर 2023 को हरप्रीत व मदनलाल महिला के घर गांव मलिकपुर में आए। महिला से कहा कि आपके लड़के को जंगल से निकालना है। हमारी आगे एजेन्ट से बात हो गई है। इसके लिए 4 लाख लगेंगे। महिला ने उधार पैसे लेकर दोनों को दे दिए। पैसे लेने के बाद भी उन्होंने उसके बेटे को जंगल से नहीं निकला। उसका बेटा जंगल में एक महीना रहा। ड़ोंकरों ने उसके बेटे का पासपोर्ट अपने पास रख लिया। 1 महीने बाद उसे दोबारा बेलारूस भेज दिया। महिला ने जब इस बारे में दोनों से बात की तो उन्होंने महिला को कहा कि अब महिला के पास उन पर विश्वास करने के अलावा कोई चारा नहीं है। क्योंकि उसका लड़का डोंकरों के चंगुल में फंस चुका है। उसके बाद एक महीना और गुजरने के बाद लड़के को बेलारूस से इटली नहीं भेज पाए। इसी दौरान उसके लड़के को दो-तीन बार पुलिस व आर्मी ने भी पकड़ लिया। काफी मारपीट भी की ।25 दिसंबर 2023 को आरोपियों ने महिला से कहा कि वह उसके लड़के को वापस भारत बुला लेंगे। इसके लिए 20 हजार रुपए लगेंगे। महिला ने उन पर विश्वास करके उन्हें पैसे दे दिए। लेकिन रुपए लेने के बाद भी उन्होंने उसके बेटे को इटली नहीं भेजा। हरजिंद्र कौर के अनुसार जनवरी 2024 में उसका लड़का भारत वापस आ गया। जब महिला ने अपने रुपए लेने के लिए एजेंट से बात की तो उन्होंने उसे एक चेक 7 लाख 70 हजार रुपए का दे दिया। जब महिला ने एजेंट द्वारा दिए हुए चेक को बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। उन्होंने महिला के रुपए देने से मना कर दिया। महिला ने तंग आकर हरजिंदर ने अपने साथ हुए फ्रॉड की शिकायत कुरुक्षेत्र के एसपी से की। एसपी के आदेश पर अब सिटी थाना ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।