Haryana Assembly Election : दुष्यंत चौटाला 122 करोड़ के मालिक

0
155
दुष्यंत चौटाला 122 करोड़ के मालिक
दुष्यंत चौटाला 122 करोड़ के मालिक

5 साल में 47 करोड़ बढ़ी पूर्व डिप्टी सीएम की प्रॉपर्टी, पत्नी मेघना की संपत्ति 12 करोड़
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने गुरुवार को उचाना कलां से पर्चा भरा। उनकी मां नैना चौटाला ने कवरिंग कैंडिडेट के तौर पर नामांकन पत्र दाखिल किया। दुष्यंत ने शपथ पत्र में अपने परिवार की कुल संपत्ति ?122.36 करोड़ रुपए बताई है। यह 2019 में 74.77 करोड़ रुपए थे। 5 साल में संपत्ति 47.59 करोड़ यानी 63.6 प्रतिशत बढ़ गई। इसके साथ ही 14.43 करोड़ का लोन है। पिछली बार 6.83 करोड़ का कर्ज था। कर्ज 7.6 करोड़ यानी 111 प्रतिशत बढ़ा है। अभी 4.32 करोड़ की संपत्ति का विवाद चल रहा है।

दुष्यंत की खुद की आय 11 करोड़ बढ़ी

दुष्यंत चौटाला की 5 साल में लगभग 11 करोड़ रुपए की संपत्ति बढ़ गई है। दुष्यंत की कुल संपत्ति 28 करोड़ 86 लाख रुपए दिखाई है। इसमें चल संपत्ति 26 करोड़ 45 लाख 35 हजार 260 रुपए दिखाई गई है, जबकि अचल संपत्ति 2 करोड़ 40 लाख 72 हजार 285 रुपए है। 2019 में उनकी कुल संपत्ति 17 करोड़ 36 लाख 17 हजार 898 थी। इसमें चल संपत्ति 14 करोड़ 80 लाख 41 हजार 898 और अचल संपत्ति 2 करोड़ 55 लाख 76 हजार रुपए थी।

एक फॉर्च्यूनर गाड़ी, 2500 ग्राम सोना

दुष्यंत चौटाला के पास एक फॉर्च्यूनर गाड़ी है। उनके पास 2500 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत एक करोड़ 85 लाख रुपए है। इसके अलावा 62 लाख 90 हजार के अन्य गहने हैं। उनकी पत्नी के पास 3100 ग्राम सोना है। इसकी कीमत 2 करोड़ 30 लाख रुपए के आसपास है। दुष्यंत चौटाला के नाम 21 एकड़, चार कनाल तथा दस मरले जमीन है। इसके अलावा दुष्यंत चौटाला के पास अलग-अलग स्थानों पर 38 करोड़ रुपए से अधिक की जमीन है, जो उन्होंने खरीदी हुई है। लगभग 5 करोड़ रुपए का किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया हुआ है।

पत्नी मेघना के पास 12 करोड़ से अधिक की संपत्ति

दुष्यंत चौटाला की पत्नी मेघना अहलावत के पास भी 12 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। दुष्यंत चौटाला के पास एक लाख 90 हजार रुपए की नकदी है। उनकी पत्नी के पास एक लाख 14 हजार 241 रुपए नकदी है। पत्नी के बैंक खातों में 19 लाख 93 हजार 488 रुपए हैं। दुष्यंत चौटाला ने 6 करोड़ 71 लाख 97 हजार 220 रुपए के अलग-अलग कंपनियों के शेयर खरीदे हुए हैं जबकि उनकी पत्नी मेघना अहलावत ने भी तीन करोड़ रुपए से ज्यादा का इन्वेस्ट किया हुआ है।