आज समाज डेस्क: शुक्रवार यानी सात मार्च को महीने का दुर्गाष्टमी का व्रत रखा जाएगा। बता दें कि हर महीने के शुक्ल पक्ष की अष्टमी को श्री दुर्गाष्टमी का उपवास किया जाता है। इस दिन मां दुर्गा की आराधना की जाती है कहा जाता है कि पूरी श्रद्धा के साथ जो भी व्यक्ति माता दुर्गा की आराधना करता है, मां दुर्गा की कृपा से उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
हर समस्या का निकाल सकते हैं समाधान
श्रद्धा के साथ उपासना करने से व्यक्ति की जीवन में चल रही किसी भी तरह की समस्या का समाधान निकल जाता है। दुर्गाष्टमी के दिन मां दुर्गा की उपासना से आप अपने जीवन में चल रही किसी भी समस्या का हल निकाल सकते हैं, अपने सुख-सौभाग्य में वृद्धि कर सकते हैं और अपनी सभी इच्छाओं की पूर्ति कर सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ उपाय दुर्गाष्टमी पर करने चाहिए।
हलवे और उबले चने का भोग लगाएं
अगर आपकी सुख-समृद्धि को किसी की नजर लग गई है, तो आज दुर्गाष्टमी के दिन देवी दुर्गा को हलवे और उबले चने का भोग लगाएं। साथ ही 6 सफेद कौड़ियां लेकर, उन्हें लाल कपड़े में बांधकर दुर्गा मां के मन्दिर में चढ़ाएं अगर आप कौड़ियां ना ले पायें तो 6 कपूर और 36 लौंग लेकर देवी दुर्गा को चढ़ाएं।
मां दुर्गा को इस तरह चढ़ाएं नारियल
यदि आप अपनी बिजनेस रिलेट्ड यात्राओं की सफलता पक्की करना चाहते हैं, तो आज आपको स्नान आदि के बाद साफ-सुथरे कपड़े पहनकर मां दुर्गा की विधिपूर्वक पूजा करनी चाहिए। पूजा के समय 1 एकाक्षी नारियल लेकर, उस पर 7 बार मौली लपेटकर मां दुर्गा को चढ़ाना चाहिए। ऐसा करने से बिजनेस सम्बन्धी यात्राओं में लाभ होगा। अगर आप जीवन में खूब धन अर्जित करना चाहते हैं, तो आप देवी दुर्गा को खोये का भोग लगाएं और हाथ जोड़कर मां को प्रणाम करें। साथ ही दुर्गा जी के इस मंत्र का एक माला यानि 108 बार जप करें। मंत्र ये है- सर्वा बाधा विनिर्मुक्तो धन धान्य सुतान्वित:/ मनुष्यो मत्प्रसादेन भविष्यति न संशय:। आज ऐसा करने से आपको अथाह धन की प्राप्ति होगी।
मां दुर्गा के मंत्र का 11 बार जप करें
साथ ही मां दुर्गा के मंत्र का 11 बार जप करें। मन्त्र इस प्रकार है- दुर्गे स्मृता हरसि भीतिमशेषजन्तो:/ स्वस्थै: स्मृता मतिमतीव शुभां ददासि/दारिर्द्यदु:खभयहारिणि का त्वदन्या/ सर्वोपकारकरणाय सदार्द्रचित्ता। आज ऐसा करने से आपके सुख समृद्धि को लगी नजर दूर होगी। अगर आप कर्ज से मुक्ति पाना चाहते हैं, तो आज के दिन 5 सफेद कौड़ियां लेकर, उन्हें लाल कपड़े में बांधकर देवी माँ के मंदिर में चढ़ाएं और देवी मां की विधि-पूर्वक पूजा करें।
लाल कपड़े को उठाकर घर वापस ले आएं
पूजा के बाद उस लाल कपड़े को उठाकर अपने साथ घर वापस ले आयें और अपनी तिजोरी में रख लें। आज ऐसा करने से आपको जल्द ही कर्ज से छुटकारा मिलेगा। अगर आप परिवार से जुड़ी किसी समस्या का हल जल्द से जल्द निकालना चाहते हैं, तो आज आप माँ दुर्गा को लाल चुनरी चढ़ाएं। साथ ही दुर्गा जी के इस मंत्र का 11 बार जप करें। मंत्र इस प्रकार है- सर्व मंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके, शरण्ये त्र्यम्बके गौरी नारायणी नमोस्तुते। आज ऐसा करने से जीवन में चल रही समस्याओं से जल्द ही छुटकारा मिलेगा।
यह भी पढ़ें : Pitru Paksha News: अपने पूर्वजों एवं पितरों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का पुण्य अवसर है पितृपक्ष
यह भी पढ़ें : Religion: नाथ पंथ का समरसता संदेश, सनातन धर्म में समरसता का भाव समाहित