हाई लेवल मीटिंग की गृह मंत्री अमित शाह ने की अध्यक्षता, पुलिस अधिकारियों को दिए विशेष दिशा-निर्देश

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। केंद्र में पिछले 10 साल से ज्यादा समय से भाजपा की सरकार है लेकिन दिल्ली में भाजपा ने लंबे संघर्ष के बाद सत्ता पाई है। इसीलिए अब दिल्ली की प्रगति के लिए दोनों सरकारें मिलकर काम कर रहीं हैं। इसी के चलते दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई। गृह मंत्रालय के नॉर्थ ब्लॉक कार्यालय में हुई इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह विभाग के मंत्री अशीष सूद, दिल्ली पुलिस के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

डीसीपी लेवल के अधिकारी लगाएं जनसुनवाई शिविर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि डीसीपी स्तर के अधिकारी थानों में जाकर जनसुनवाई शिविर लगाएं और जनता की समस्याओं का समाधान करें। दिल्ली पुलिस को उन स्थानों की पहचान करनी चाहिए जहां पर रोजाना ट्रैफिक जाम होता है। दिल्ली पुलिस आयुक्त और मुख्य सचिव बैठक कर इसका त्वरित समाधान निकालें, ताकि जनता को राहत मिल सके। दिल्ली सरकार के साथ बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा है।

करीब एक दशक बाद हुई ऐसी बैठक

दिल्ली में शीला दीक्षित सरकार के बाद ऐसा पहली बार हुआ जब दिल्ली सरकार के गृहमंत्री, मुख्यमंत्री और दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों ने एक साथ गृह मंत्रालय में बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाना था। जिससे दिल्ली की कानून व्यवस्था और भी मजबूत हो सके।

महिला सुरक्षा पर प्राथमिकता से करेंगे काम : सीएम

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक पर कहा, छोटे-छोटे विषय जो दिल्ली को बड़ी-बड़ी दिक्कत दे रहे थे उन्हें लेकर जब भी भारत सरकार द्वारा ब्यौरा मांगा गया तो उस पर कभी भी दिल्ली की तात्कालिक सरकार द्वारा सहयोग नहीं किया गया। कहां-कहां पर किन चीजों को ठीक करने की आवश्यकता है उस पर विस्तृत चर्चा हुई। महिला सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली में प्राथमिक चर्चा की गई और जल्द ही इस पर नीतियां बनाते हुए काम भी किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : जनता को जल्द दिखेगा नई सरकार का काम : रेखा गुप्ता