Delhi Election 2025 Result : जनता ने दिया केजरीवाल का साथ या किया भाजपा का एजेंडा स्वीकार

0
85
Delhi Election 2025 Result
Delhi Election 2025 Result : जनता ने दिया केजरीवाल का साथ या किया भाजपा का एजेंडा स्वीकार

मतगणना के बाद होगा इस बात का फैसला, दोनों पार्टियां ही अपनी जीत के प्रति आश्वस्त

Delhi Election 2025 Result (आज समाज) नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए हुई वोटिंग की काउंटिंग आज सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। दिल्ली ही नहीं बल्कि देश के लिए इस अहम माने जा रहे विधानसभा चुनाव पर सभी की नजरें हैं। यहां पर सत्ता का संग्राम शुरू से ही आप और भाजपा के बीच माना जा रहा था। मतदान तक दोनों पार्टियां अपनी-अपनी जीत के प्रति आश्वस्त थी।

मतदान के बाद पांच फरवरी को जारी किए गए सर्वे में जब ज्यादात्तर एजेंसिंयों के सर्वे में भाजपा को जीत दर्ज करते हुए बताया गया तो भाजपा नेताओं का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर पहुंच गया। वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने सभी सर्वे को नकारते हुए आम की जीत को तय बताया। इसके बाद आज पता चलेगा कि दिल्ली की जनता का साथ किस पार्टी को मिला है।

भाजपा और आप के लिए इसलिए अहम है दिल्ली की सत्ता

आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों के लिए ही दिल्ली की सत्ता बहुत मायने रखती है। एक तरफ जहां आम आदमी पार्टी पिछले दो विधानसभा चुनाव में यहां प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करती रही है। उसके लिए इस चुनाव में यहां पर जीत बहुत जरूरी है। क्योंकि आप ने बहुत तेजी से भारतीय राजनीति में अपनी उपस्थिति दर्ज की थी लेकिन अब वह केवल दिल्ली और पंजाब तक ही सीमित है यदि दिल्ली भी हाथ से चली जाती है तो आप केवल पंजाब में ही सत्ता में रह जाएगी। जोकि उसके भविष्य के लिए गहरी चोट होगी।

दूसरी तरफ भाजपा केंद्र में सरकार होने के बावजूद 26 साल से दिल्ली की सत्ता से दूर है। इसलिए पार्टी इस विधानसभा चुनाव को दिल्ली की सत्ता में वापसी का एक सुनहरा अवसर मान रही है यदि इस बार भाजपा सत्ता में आ जाती है तो देश की राजनीति में उसका कद और भी ज्यादा बढ़ जाएगा।

राजनीतिक जानकारों की राय

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मध्य वर्ग को खुश करने के फॉर्मूले पर इस चुनाव को कसा जाए तो यह भाजपा के पक्ष में जाता दिखाई दे रहा है। क्योंकि यूथ वोटर भाजपा के साथ गए हैं, जो महिलाएं आप की तरफ जा रही थीं, उन्हें मनाने में भाजपा कामयाब रही है। उधर कांग्रेस के लिए भी गुड न्यूज है, क्योंकि वोट प्रतिशत पिछले चुनाव में करीब चार प्रतिशत था वह बढ़कर 10 प्रतिशत तक जाने की उम्मीद राजनीतिक विश्लेषक आंक रहे हैं। इसमें मुस्लिम वोटों को कुछ हद तक वापस खींचने में पार्टी सफल रह सकती है। इसी तरह झुग्गी क्लस्टर में भी कांग्रेस सेंध लगाने में सफल रही है। दूसरी तरफ पूर्वांचल वोटर भी बंटे हुए हैं। कुछ पूर्वांचली महिलाओं में यमुना में छठ पूजा की मनाही से भी नाराजगी स्पष्ट तौर पर दिखी। यहां भी भाजपा आप की महिला सम्मान योजना को कुछ हद तक डेंट करने में कामयाब रहीं है।

मोदी और केजरीवाल ही मुख्य चेहरे

हालांकि दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए हैं लेकिन यह चुनाव भाजपा ने एक बार फिर से बिना सीएम चेहरा घोषित किए लड़े हैं इसलिए एक बार फिर से भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही अपना मुख्य चेहरा पेश किया है। अब देखना यह होगा की दिल्ली की जनता अपने पुराने सीएम अरविंद केजरीवाल पर भरोसा जताती है या फिर भाजपा की नई स्कीमें उसे लुभाती हैं।

ये भी पढ़ें : Delhi Election Result 2025 : दिल्ली विस चुनाव परिणाम आज, किसके हाथ लगेगी सत्ता की चाबी

ये भी पढ़ें : Delhi News Update : आप विधायकों को खरीदने के प्रयास में भाजपा : संजय सिंह