Haryana News : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम ने मांगी 20 दिन की इमरजेंसी पैरोल

0
18
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम ने मांगी 20 दिन की इमरजेंसी पैरोल
Haryana News: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम ने मांगी 20 दिन की इमरजेंसी पैरोल

जेल विभाग को भेजी अर्जी, उत्तर प्रदेश के बरनावा आश्रम में रहने की कही बात
(आज समाज) चंडीगढ़: हर चुनाव में हरियाणा के डेरा सच्चा सौदा की प्रमुख भूमिका रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता चुनाव के समय आशीर्वाद के लिए डेरे में जाते है। कहा भी जाता है कि जिस तरफ डेरा सच्चा सौदा का रूख होता है प्रदेश की सत्ता पर वहीं पार्टी काबिज होती है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के बहुत से बड़े नेता डेरे में गुरमीत राम रहीम का आशीर्वाद लेने के लिए गए थे।

ऐसे भी कयास लगाए जाते है कि उस समय डेरे ने भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद दिया था। जिसकारण प्रदेश में पहली बार पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनी थी। डेरों का केवल हरियाणा की राजनीति में ही नहीं बल्कि अन्य प्रदेशों की राजनीति में भी विशेष प्रभाव रहा है। विशेषकर पंजाब-यूपी में डेरों का प्रभाव चुनाव के समय देखा जा सकता है। वैसे ही कर्नाटक में भी डेरों व मठ का प्रभाव चुनाव के दौरान देखने को मिलता है।

साध्वियों के यौन शोषण व पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड के मामले में जेल में बंद है राम रहीम

अब इसी कड़ी में साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले 20 वर्ष कैद की सजा काट रहे हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने 20 दिन के लिए इमरजेंसी परौल देने के जेल विभाग को पत्र लिखा है। परौल अवधि के दौरान राम रहीम ने उत्तर प्रदेश के बरनावा आश्रम में रहने की बात कही है। इससे पहले राम रहीम 13 अगस्त को ही 21 दिन की फरलो पर बाहर आ चुका है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के कारण आचार संहिता लगी हुई है। जिस वजह से सरकार ने इसे मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास भेजा। आयोग के मुताबिक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर पैरोल को लेकर सवाल पूछे हैं। जिसमें यह भी पूछा गया है कि चुनाव के टाइम किसी दोषी को पैरोल पर रिहा करना कितना सही है।

साल 2024 में 20 दिन की बची पैरोल

जेल विभाग के अधिकारियों का कहना है, कि सामान्य परिस्थितियों में पैरोल मांगने के लिए कारण बताने की कोई आवश्यकता नहीं होती है। केवल इमरजेंसी पैरोल के लिए कारण बताना जरूरी होता है। राम रहीम की साल 2024 में 20 दिन की पैरोल बची है। अधिकारी ने बताया कि पैरोल को आमतौर पर डिविजनल कमिश्नर स्तर पर मंजूरी दी जाती है। हालांकि आदर्श आचार संहिता के कारण जेल विभाग ने इस मामले को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेज दिया है।

सिरसा, अंबाला, कुरुक्षेत्र और हिसार जिले में राम रहीम का प्रभाव

डेरा प्रमुख इस समय हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में बंद हैं। चुनाव के लिहाज से देखें तो राम रहीम का हरियाणा के सिरसा, अंबाला, कुरुक्षेत्र और हिसार जिले में अच्छा प्रभाव है। इन चारों जिलों में करीब 36 विधानसभा सीटें आती हैं। हरियाणा में 5 अक्टूबर को वोटिंग होनी है जबकि 8 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है राम रहीम

राम रहीम 2 साध्वियों के यौन शोषण केस में 28 अगस्त 2017 से 20 साल की सजा काट रहा है। राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे 11 जनवरी 2019 को फिर से पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया और 17 जनवरी 2019 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई।

यह भी पढ़ें : JK Encounter: कुलगाम के आदिगाम देवसर में दो आतंकी ढेर