Delhi Weather : दिल्ली के तापमान में आई गिरावट, बारिश की संभावना नहीं

0
101
Delhi Weather : दिल्ली के तापमान में आई गिरावट, बारिश की संभावना नहीं
Delhi Weather : दिल्ली के तापमान में आई गिरावट, बारिश की संभावना नहीं

उत्तर पश्चिम से आने वाली तेज हवाओं ने बढ़ाई ठंडक

Delhi Weather (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में फरवरी के पहले सप्ताह में ही लोगों को गर्मी का अहसास हो गया है। मौसम विभाग ने भी यह संभावना जताई है कि आने वाले कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा। जिसके चलते तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। इसका सीधा मतलब है कि इस साल की सर्दी की विदाई हो चुकी है और लोगों को गर्मी के लंबे मौसम के लिए तैयार रहना होगा। इसी बीच गुरुवार को आसमान तो साफ रहा लेकिन उत्तर पश्चिम से ठंडी और तेज हवाएं लोगों के लिए कुछ राहत लेकर जरूर आई। दिनभर करीब 20 से 30 किलोमीटर की गति से हवा चलती रही। जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

आज भी चलेंगी ठंडी हवाएं

मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि शुक्रवार को सुबह में हल्का कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही दिन में तेज हवाएं (20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति) चलने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 और 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

गुरुवार को इतना रहा दिल्ली का तापमान

बृहस्पतिवार को सुबह से ही तेज हवा चल रही थी। न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। इसमें बीते 24 घंटे के अंदर सामान्य से 1.2 डिग्री की कमी हुई है। उधर, अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह सात बजे तक सफदरजंग एयरपोर्ट में दृश्यता 1500 मीटर रही। साथ ही, पालम एयरपोर्ट में सुबह साढ़े सात बजे तक दृश्यता 1500 मीटर रही। मौसम विभाग के मुताबिक आया नगर में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम दर्ज किया गया।

यहां न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, लोधी रोड़ में 8.6, पालम में 9.5 और रिज में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। साथ ही, हवा में नमी का स्तर 23 फीसदी के साथ 95 फीसदी तक रहा। वहीं तेज हवा चलने के कारण उम्मीद है कि दिल्ली के वायुमंडल में छाई प्रदूषण की परत भी कुछ हट जाएगी जिससे लोगों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिलेगा। हालांकि यह राहत अस्थाई साबित हो सकती है।