Delhi Assembly Speaker, (आज समाज) नई दिल्ली: बीजेपी के नेता विजेंद्र गुप्ता (Vijender Gupta) को दिल्ली विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। वहीं मोहन सिंह बिष्ट (Mohan Singh Bisht) को उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे विजेंद्र गुप्ता रोहिणी से विधायक हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदीप मित्तल को हराकर 37 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। वहीं मोहन सिंह बिष्ट ने आप के अदील अहमद खान को हराकर 17 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की है।
भाजपा अध्यक्ष के अलावा ये जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं विजेंद्र
विजेंद गुप्ता दिल्ली भाजपा अध्यक्ष, दिल्ली विकास प्राधिकरण के सदस्य और एमसीडी की स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मोहन सिंह बिष्ट करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक रह चुके हैं। मुस्तफाबाद निर्वाचन क्षेत्र से जीतते हुए यह उनका छठा मौका है। 1998 से लेकर अब तक उन्होंने जब भी चुनाव लड़ा है, लगातार जीत हासिल की है। वे केवल एक बार 2015 में भाजपा के कपिल मिश्रा से हारे हैं।
शालीमार बाग से विधायक हैं रेखा गुप्ता
बता दें कि बीजेपी की शालीमार बाग विधायक रेखा गुप्ता को सीएम पद के लिए चुना गया है। वह आज दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। बतौर सीएम उनके नाम पर कल देर शाम विधायक दल की बैठक में सहमति बनी थी। रेखा गुप्ता ने दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य के रूप में कार्य किया है। इन भूमिकाओं में, उन्होंने हाशिए के समुदायों और महिलाओं के कल्याण के लिए कई अभियान शुरू किए।
भ्रष्ट हर व्यक्ति को देना होगा एक-एक रुपए का हिसाब
मुख्यमंत्री बनने से पहले गुरुवार को रेखा ने कहा, यह एक चमत्कार है, यह एक नई प्रेरणा और एक नया अध्याय है। अगर मैं सीएम बन सकती हूं, तो इसका मतलब है कि सभी महिलाओं के लिए रास्ते खुले हैं। जो कोई भी भ्रष्ट है, उसे एक-एक रुपए का हिसाब देना होगा।
रेखा के साथ छह अन्य मंत्री लेंगे शपथ
रेखा गुप्ता के साथ, प्रवेश साहिब सिंह (उपमुख्यमंत्री), आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह सहित छह अन्य मंत्री शपथ लेंगे। राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा, कांग्रेस और ‘आप’ की ओर से महिला मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता ‘आप’ की आतिशी की जगह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। बता दें कि बीजेपी 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बना रही है। इस महीने की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी ने 70 में से 48 सीटें जीती हैं, जबकि ‘आप’ केवल 22 सीटें ही जीत सकी है। कांग्रेस लगातार तीसरे चुनाव में अपना खाता भी नहीं खोल पाई।
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking: हरियाणा के जींद की रेखा गुप्ता बनी दिल्ली की मुख्यमंत्री