हजारों अपराधियों को भेजा सलाखों के पीछे, अवैध हथियार, नशीले पदार्थ बरामद
Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली : गत दिनों जहां दिल्ली में विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए। वहीं इन चुनाव को शांतिपूर्ण व स्वतंत्र रूप से संपन्न करवाने के लिए दिल्ली पुलिस ने अथक प्रयास किए। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरा एक माह सख्ती से लोगों पर कार्रवाई करते हुए हजारों अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को सलाखों के पीछे भेजने में सफलता हासिल की जो चुनाव के दौरान शांति को प्रभावित कर सकते थे।
इस तरह की पुलिस ने कार्रवाई
चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली विधानसभा के लिए चुनावों को शेड्यूल जारी करने के बाद दिल्ली पुलिस ने 7 जनवरी को जांच अभियान शुरू किया जोकि 5 फरवरी तक चला। इस दौरान पुलिस ने करीब एक माह के समय में 35020 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस ने अलग-अलग जगह छापेमारी करते हुए 11.70 करोड़ की राशि जब्त की गई। इस राशि को जब्त करने के साथ ही पकड़े गए लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए।
1.14 लाख लीटर शराब बरामद, 1423 पकड़े
इसके अलावा सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस की अलग-अलग यूनिट ने छापेमारी करते हुए 1.14 लाख लीटर शराब बरामद कर 1423 लोगों को पकड़ा। पकड़े गए इन सभी लोगों पर भी पुलिस ने अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए इन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया। आचार संहिता का पालन करवाने में भी पुलिस ने काफी सख्ती बरती। पुलिस ने 70 विधानसभा क्षेत्रों में 1098 मामले दर्ज किए।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, 7 जनवरी से लेकर 5 फरवरी के बीच पुलिस ने 475 अवैध हथियारों के अलावा 534 कारतूस बरामद कर 496 लोगों को गिरफ्तार किया। इसी अवधि में पुलिस ने 206.71 किलो मादक पदार्थ के अलावा 1200 से ज्यादा नशे के इंजेक्शन बरामद किए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 78 लाख के आसपास आंकी गई है। पुलिस ने 850 ग्राम सोना व 37.39 किलोग्राम चांदी भी बरामद की। 1.14 लाख लीटर शराब पहली बार राजधानी में पकड़ी गई।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather : दिल्ली के तापमान में आई गिरावट, बारिश की संभावना नहीं
ये भी पढ़ें : Delhi News Update : आप विधायकों को खरीदने के प्रयास में भाजपा : संजय सिंह