Crime News Charkhi Dadri: दिल्ली पुलिस के जवान ने बहन के घर की फायरिंग, 1 की मौत, 3 गंभीर

0
5

Charkhi Dadri News (आज समाज) चरखी दादरी: हरियाणा के चरखी दादरी के गांव घसौला में दिल्ली पुलिस के एक जवान द्वारा अपनी ही बहन के घर पर अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार अल सुबह हुई इस घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों को रोहतक पीजीआई पहुंचाया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची है। मौके से गोलियों के कई खोल व कार बरामद हुई है। बताया गया है कि घटना को अंजाम देने वाला दिल्ली पुलिस का जवान दिल्ली से टैक्सी को बुकिंग पर लाया था। चरखी दादरी के समीप पिस्तौल के बल पर उसने ड्राइवर को गाड़ी से नीचे उतारा और स्वयं कार लेकर घसौला गांव पहुंचा। वहां दनादन गोलियां चलाई और इसके बाद टैक्सी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चरखी दादरी जिले के गांव घसौला निवासी सुरेंद्र के बेटे रजत की शादी दिसंबर 2023 में गोपालवास निवासी उषा के साथ हुई थी। रजत का साला साकेत दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। करीब डेढ साल पहले ही वह पुलिस में भर्ती हुआ था। साकेत शुक्रवार अल सुबह वह गांव घसौला पहुंचा और उसने अपनी बहन के घर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में 58 वर्षीय छोटेलाल को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। बहन का ससुर सुरेंद्र व सास व शिवम गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के शव को चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। वहीं घायलों को चरखी दादरी के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। चरखी दादरी पुलिस व एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंची है।

आरोपी ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा शादी के समय बोले गए झूठ से खफा था

सूत्रों का कहना है कि आरोपी पुलिस का जवान उसकी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा शादी के समय बोले गए झूठ से खफा था। उसकी बहन उषा की शादी के समय उन्हें बताया गया था कि रजत गृह मंत्रालय में नौकरी करता है। लेकिन वह नौकरी नहीं करता था। इसके अलावा रुपए के लेनदेन की बात भी सामने आई है। घटना के समय आरोपी की बहन अपने ससुराल में नहीं थी और वह अपने मायके गई हुई थी।

SHARE