पकड़े गए आरोपियों में दो बांग्लादेशी, सभी को डिटेंशन सेंटर भेजा
Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की धरपकड़ दिल्ली पुलिस द्वारा लगातार जारी है। पुलिस एक विशेष अभियान के तहत इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो न केवल दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे हैं बल्कि कहीं न कहीं राष्टीय सुरक्षा के लिए भी हानिकारक साबित हो सकते हैं। पिछले कुछ माह से दिल्ली पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत दिल्ली पुलिस अभी तक सैकड़ों अवैध नागरिकों को गिरफ्तार कर चुकी है।
द्वारका जिला में की पुलिस ने कार्रवाई
पश्चिमी दिल्ली में द्वारका जिला पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को पकड़ा है। इनमें दो बांग्लादेश के हैं। इन सभी को डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। अब इन्हें देश से निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अवैध प्रवासियों पर नकेल कसने के लिए जिले के सभी थाना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस कर्मी इलाके में छापेमारी कर बिना वैध वीजा के द्वारका में रह रहे विदेशी नागरिकों को पकड़ रहे हैं। इसी कड़ी में जिला पुलिस ने 15 विदेशी नागरिकों को पकड़ा है।
इन देशों के नागरिकों को पकड़ा
इनमें 12 नाइजीरिया, दो बांग्लादेश और एक आइवरी कोस्ट से हैं। बिना वैध वीजा के साथ ही कुछ ने पासपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराए। पकड़े गए आरोपितों में बांग्लादेश के मो. सुजोन मिया और फारूक उमर, नाइजीरिया के अक्साद मोहनमंद इयाक्से, ओन्येनकेची उकाएग्बु, चिबुइके अकपोफे आदि शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एंटी-नारकोटिक्स सेल ने 11, मोहन गार्डन थाना पुलिस ने तीन और उत्तम नगर थाना पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को पकड़ा। जांच में पाया गया कि ये सभी बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे। पकड़े गए विदेशी नागरिकों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया। एफआरआरओ से निर्वासन का आदेश मिलने के बाद उन्हें डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : नशे की हालत में हत्या करने वाला काबू
ये भी पढ़ें : Delhi News : डॉ. भीमराव के सिद्धांत आधुनिक भारत की नींव : गुप्ता