किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 40 हजार जवान रहेंगे तैनात
Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : रंगों का त्योहार होली देश भर में कल मनाया जाएगा। आज शाम को जहां होलिका दहन होगा वहीं कल पूरे देश की फिजाएं रंगों से सराबोर होंगी। राजधानी दिल्ली में भी रंगों के त्योहार होली को लेकर काफी ज्यादा उत्साह है। सभी बाजार रंग और गुलाल से अटे पड़े हैं। लोग भी जी खोलकर रंगों की खरीदारी कर रहे हैं।
वहीं रंगों का यह त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके इसके लिए दिल्ली पुलिस ने विशेष तैयारी की है। दरअसल कुछ असमाजिक तत्व त्योहार का फायदा उठाकर शांति भंग करने की ताक में रहते हैं। इसी लिए दिल्ली पुलिस ने कल के लिए करीब 40 हजार जवानों की तैनाती राजधानी के अलग-अलग एरिया में की है। ताकि त्योहार हर्षोल्लास के साथ-साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
आज और कल के लिए दिए विशेष आदेश
पुलिस की ओर से 13 और 14 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में पुलिस कर्मियों को सड़क पर रहने को कहा गया है। पुलिस की ओर से पहले से ही कुछ संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि होली के दिन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। दूसरी तरफ होली के दिन हुड़दंग में सड़क दुर्घटना में लोगों की जान न जाए इसके लिए यातायात पुलिस अधिक सतर्कता बरतेगी।
शराब पीकर गाड़ी चलाई तो होगी कार्रवाई
शराब पीकर गाड़ी चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक है। इसलिए यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने टीआई सहित अन्य सभी अधिकारियों को शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है। 14 मार्च को होली के मौके पर राजधानी में सार्वजनिक सुरक्षा और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर लगाम लगाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। खास तौर पर अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष चौकसी बरतने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : आप ने विस अध्यक्ष पर लगाया पक्षपात करने का आरोप
ये भी पढ़ें : Delhi News Update : जनता को गुमराह कर रही प्रदेश सरकार : देवेंद्र यादव