- मुझे मेरे प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रमेश बिधूड़ी के खिलाफ बोलने की सजा
Slapping A Policeman, (आज समाज), नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी से आम आदमी पार्टी (आप) की उम्मीदवार आतिशी के खिलाफ उनके समर्थक द्वारा पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इसके अलावा भी दिल्ली सीएम के खिलाफ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया है। इस बीच आतिशी ने दिल्ली पुलिस पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उन्हें अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के रमेश बिधूड़ी के खिलाफ आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन करने के लिए बोलने की सजा दी जा रही है।
आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का भी केस
पुलिस के अनुसार, आतिशी ने 10 वाहनों और करीब 60 समर्थकों के साथ राजधानी के फतेह सिंह मार्ग पर पहुंचकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। अधिकारियों ने बताया कि जब उनसे जाने के लिए कहा गया, तो उन्होंने इनकार कर दिया। बता दें कि इससे पहले आतिशी पर मानहानि का मामला भी दर्ज है। बीजेपी द्वारा दर्ज करवाए गए इस मामले को आतिशी ने दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति विकास महाजन ने पिछले कल मामले में सुनवाई की।
चुनाव आयोग भी कमाल का : आतिशी
आतिशी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार व दिल्ली पुलिस दोनों पर बिधूड़ी की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, चुनाव आयोग भी कमाल का है! रमेश बिधूड़ी जी के परिवार के सदस्य खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा, मैंने शिकायत दर्ज कराई और पुलिस और व चुनाव आयोग को फोन किया, और उन्होंने मेरे ही खिलाफ मामला दर्ज कर लिया!
अवैध रूप से हिरासत में लिए दो लोग : आतिशी
आतिशी ने एक्स पर यह भी दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने दो लोगों को अवैध रूप से हिरासत में लिया। ये दोनों लोग एमसीसी उल्लंघन की रिपोर्टिंग कर रहे थे और उसका वीडियो बना रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एमसीसी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वीडियो बना रहे लड़के को पुलिस ने पीटा और ले गई
मुख्यमंत्री ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, वीडियो बना रहे लड़के को पुलिस ने पीटा और ले गई। आप इस वीडियो में देख सकते हैं कि पुलिस उसे लात मार रही है। आतिशी ने कहा, वीडियो बनाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की गई। नियम तोड़ने वाले के खिलाफ कुछ नहीं।
ये भी पढ़ें : Prayagraj Kumbh: त्रिवेणी संगम में आज सुबह 8 बजे तक 30 लाख भक्तों ने किया स्नान