Delhi News: आतिशी अपनी कैबिनेट के साथ 21 सितंबर को लेंगी सीएम पद की शपथ

0
19
Delhi News आतिशी अपनी कैबिनेट के साथ 21 सितंबर को लेंगी सीएम पद की शपथ
Delhi News : आतिशी अपनी कैबिनेट के साथ 21 सितंबर को लेंगी सीएम पद की शपथ

Delhi News CM Atishi,(आज समाज), नई दिल्ली:  दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना 21 सितंबर को अपनी कैबिनेट के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगी। दिल्ली की सुल्तानपुर माजरा सीट से विधायक मुकेश अहलावत मंत्रिमंडल में नया चेहरा होंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के मुताबिक वह सामाजिक न्याय मंत्री राजकुमार आनंद का स्थान लेंगे। राज कुमार आनंद ने गत अप्रैल में केजरीवाल सरकार से त्यागपत्र दे दिया था और उसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी को भी अलविदा कह दिया था।

छोटा होगा नए मुख्यमंत्री का कार्यकाल

बता दें कि दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल में सीएम समेत 7 सदस्य हैं। सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, इमरान हुसैन और कैलाश गहलोत मंत्रिमंडल में पद पर बने रहेंगे। सातवें सदस्य के नाम की घोषणा अभी नहीं की गई है। नए मुख्यमंत्री और नए सदस्यों का कार्यकाल छोटा होगा। इसका कारण यह है कि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल फरवरी 2025 तक है।

केजरीवाल ने 17 सितंबर को दिया था इस्तीफा

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 17 सितंबर को विधायक दल की बैठक में बतौर सीएम आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद विधायक दल की बैठक में उनके उन्हें मुख्यमंत्री चुना गया। 17 सितंबर को ही केजरीवाल ने अपना इस्तीफा दिया था।

बता दें कि ‘आप’ की जब स्थापना हुई थी, आतिशी उसी समय पार्टी में शामिल हो गई थीं। वह 2013 के विधानसभा चुनाव के लिए ‘आप’ की मेनिफेस्टो ड्राफ्टिंग कमेटी की मेंबर थीं। पार्टी की प्रवक्ता रह चुकी आतिशी दिल्ली विधानसभा में कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं।

आतिशी के पास सबसे ज्यादा विभाग

दिल्ली सरकार में आतिशी के पास सबसे ज्यादा विभाग हैं। उनके पास इस समय शिक्षा, राजस्व, वित्त और पीडब्ल्यूडी सहित समेत 13 प्रमुख विभागों की जिम्मेदारी है। पिछले साल मार्च में शराब नीति मामले में मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आप के समक्ष जब संकट आया, उस समय आतिशी को दिल्ली कैबिनेट में नियुक्त किया गया था। आतिशी के समक्ष कई चुनौतियां होंगी। दिल्ली में फिर से ‘आप’ की सत्ता वापसी के लिए वह पार्टी का प्रमुख चेहरा होंगी।

यह भी पढ़ें : Amit Shah On Pakistan: पाकिस्तान और कांग्रेस का एजेंडा व इरादे एक