Delhi News एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल 11 दिन बाद खत्म, मरीजों को बड़ी राहत

0
50
नई दिल्ली।  दिल्ली एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म करने का एलान किया है। कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ बर्बरता की घटना के बाद सभी डॉक्टर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। दिल्ली स्थित एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर बीते 11 दिनों से हड़ताल पर थे। अब इन्होंने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की है।
रेजिडेंट डॉक्टरों ने एक बयान में कहा कि राष्ट्र हितमें और सार्वजनिक सेवा की भावना को देखते हुए आरडीए, एम्स ने 11 दिवसीय हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट की अपील और निर्देश के जवाब में लिया गया है। हम आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना का संज्ञान लेने और देश भर में स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के व्यापक मुद्दे को संबोधित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की हार्दिक सराहना करते हैं।
एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने 12 अगस्त को अस्पतालों में हड़ताल शुरू की थी। तब से अब तक लगातार ओपीडी और नियमित सर्जरी सेवाएं प्रभावित हैं। बताया जा रहा है कि अस्पतालों में रेजिडेंट डॉक्टरों के इतने दिनों तक की लंबी हड़ताल के कारण दिल्ली में अब तक दस हजार से अधिक मरीजों की नियमित सर्जरी टल चुकी थी। 11 दिनों की हड़ताल में दो दिन अवकाश रहा है।
वहीं सुप्रीम कोर्ट के आश्वासन के बाद द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल के रेजिडेंट्स डॉक्टर्स एसोसिएशन ने भी 11 दिन के हड़ताल को खत्म करने की घोषणा की। सभी डॉक्टर अपने काम पर लौट आए हैं।