Delhi New CM Oath Ceremony: रेखा गुप्ता ने ली दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ

0
136
Delhi New CM Oath Ceremony
Delhi New CM Oath Ceremony: रेखा गुप्ता ने ली दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ
  • रेखा गुप्ता राष्ट्रीय राजधानी की चौथी महिला मुख्यमंत्री
  • कपिल मिश्रा, प्रवेश साहिब सिंह सहित 6 नेता बनें मंत्री 
  • बीजेपी ने 48 सीटें जीत आप को सत्ता से किया है बाहर

Rekha Gupta Swearing In Ceremony, (आज समाज), नई दिल्ली: बीजेपी नेता रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किया गया। उप-राज्यपाल वीके सक्सेना (Lieutenant Governor VK Saxena) ने शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता व उनके मंत्रिपरिषद को पद की शपथ दिलाई। प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह सहित छह अन्य मंत्रियों ने भी इस दौरान शपथ ली।

प्रधानमंत्री मोदी सहित कई नेता मौजूद 

शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद थे। इनके अलावा समारोह में केंद्रीय मंत्रियों और पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित कई पार्टी नेता मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और अन्य नेता भी मौके पर मौजूद थे।

रेखा राष्ट्रीय राजधानी के मुद्दों और समस्याओं से परिचित

दिल्ली में विभिन्न संगठनात्मक पदों पर और पार्षद के रूप में सेवा करने वाली रेखा गुप्ता राष्ट्रीय राजधानी के मुद्दों और समस्याओं से परिचित हैं। वे दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की महिला मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में वादों की भरमार होने के कारण, रेखा से उम्मीद की जा रही है कि वे जमीनी स्तर पर काम करेंगी और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाएंगी।

बुधवार को विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया

रेखा गुप्ता को बुधवार देर शाम को विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया था। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) ने उनका नाम आगे बढ़ाया और बीजेपी ने इस पर मुहर लगा दी। रेखा शालीमार बाग  से दिल्ली विधानसभा चुनाव जीती हैं। पहली बार विधायक बनीं 50 वर्षीय रेखा दिल्ली की नौवीं सीएम और चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। वह दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य रह चुकी हैं। इन भूमिकाओं में, उन्होंने हाशिए पर पड़े समुदायों और महिलाओं के कल्याण के लिए कई अभियान शुरू किए। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए गए थे। बीजेपी ने ऐतिहासिक जनादेश के साथ 70 में से 48 सीटें जीतीं और आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर दिया।

ये भी पढ़ें : Delhi: भाजपा विधायक दल के नेताओं के चुनाव के लिए रविशंकर प्रसाद और राष्ट्रीय सचिव धनखड केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त