• बीजेपी ने 1993 में बनाई थी दिल्ली में सरकार
  • अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट पर पिछड़े

Delhi Election Result 2025, (आज समाज), नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए आज सुबह से जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है। चुनाव आयोग के अनुसार बीजेपी 40 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है और दूसरे नंबर पर दिल्ली में बीते 10 साल से सत्तासीन आम आदमी पार्टी है। टीवी चैनलों पर बीजेपी 44 सीटों पर आगे और आप 26 सीटों पर आगे बताई जा रही है। बता दें कि इससे पहले भाजपा ने 1993 में दिल्ली में सरकार बनाई थी।

सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 36

राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 36 है। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट पर अब पिछड़ गए हैंपहले 254 वोटों के अंतर से आगे चल रहे थे। आप उम्मीदवार और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट पर भाजपा की शिखा रॉय से 459 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री आतिशी 1149 वोटों के अंतर से पीछे

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी सीट पर भाजपा के रमेश बिधूड़ी से 1149 वोटों के अंतर से पीछे चल रही हैं। आप के अमानतुल्लाह खान का मजबूत गढ़ माने जाने वाली ओखला सीट पर भी भाजपा 2260 वोटों के अंतर से आगे चल रही है। दिल्ली के मंत्री गोपाल राय बाबरपुर सीट से 5602 वोटों से आगे चल रहे हैं, जबकि इमरान हुसैन बल्लीमारान सीट से 1824 वोटों से आगे चल रहे हैं।

सत्येंद्र जैन 2956 वोटों से पीछे

सत्येंद्र जैन शकूर बस्ती सीट से भाजपा के करनैल सिंह से 2956 वोटों से पीछे चल रहे हैं। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए आप के पूर्व नेता कैलाश गहलोत ने बिजवासन सीट पर 2217 की आरामदायक बढ़त हासिल कर ली है। 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए 5 फरवरी को मतदान हुआ था, जिसमें कुल 60.54 प्रतिशत मतदान हुआ था। आप लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जबकि भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में दो दशक से अधिक समय के बाद सत्ता में लौटने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

ये भी पढ़ें : Delhi Chunav Result 2025: आप के साथ संभावित गठबंधन पर विचार नहीं :दीक्षित