Delhi Election Results Live Updates, (आज समाज), नई दिल्ली:  दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए आज सुबह से मतगणना जारी है और इस बीच नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार परवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली के लोगों के लिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा की सरकार बनने की कामना की है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह साढ़े आठ बजे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खोली गईं।

वर्मा केजरीवाल और संदीप दीक्षित के खिलाफ लड़ रहे चुनाव

परवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने आज सुबह कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।

तीसरी बार जीत का लक्ष्य लेकर चल रही ‘आप’

आप लगातार तीसरी बार जीत का लक्ष्य लेकर चल रही है, जबकि भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में दो दशक से अधिक समय बाद सत्ता में वापसी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी रैलियां कीं और दिल्ली आबकारी नीति “घोटाले” मामले में उनकी कथित भूमिका के लिए केजरीवाल और वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा।

कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में लगा है तगड़ा झटका

अभियान के दौरान तीनों दलों के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। दिल्ली में लगातार 15 वर्षों तक सत्ता में रही कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और वह एक भी सीट जीतने में विफल रही है। दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनावों में आप का दबदबा रहा है, लेकिन भाजपा इस रुझान को तोड़कर दो दशक से अधिक समय के अंतराल के बाद राष्ट्रीय राजधानी में फिर से सत्ता हासिल करना चाहती है।

ये भी पढ़ें : Delhi Chunav Result 2025: आप के साथ संभावित गठबंधन पर विचार नहीं :दीक्षित