- प्रधानमंत्री मोदी सहित कई नेताओं ने दी बधाई
- शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में कल
Delhi New CM Rekha Gupta, (आज समाज), नई दिल्ली : हरियाणा की बेटी रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बन गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा के नाम पर थोड़ी देर पहले मुहर लगी। पार्टी की ओर से बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया गया था। दोनों नेताओं ने सभी विधायकों से एक-एक करके बात की। लगभग 3 घंटे बैठक चली और उसके बाद रेखा का नाम सीएम के लिए फाइनल किया गया।
आरएसएस और बीजेपी से जुड़ी हैं रेखा
विधायक दल का नेता चुनने के बाद 50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने विधायकों से मुलाकात की। बता दें कि रेखा दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से जीती हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और बीजेपी से जुड़ी रेखा दिल्ली बीजेपी की महासचिव व पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। उनका जन्म हरियाणा के जींद के नंदगढ़ गांव में हुआ था। वह दिल्ली में रहती हैं उनके घर में जश्न का माहौल है।
संघ ने सुझाया था रेखा का नाम
सूत्रों के अनुसार संघ यानी आरएसएस ने रेखा गुप्ता का नाम सीएम के लिए सुझाया था। विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनने के बाद विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने रेखा के नाम का प्रस्ताव रखा और उसके बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की गई। बीजेपी ने फिलहाल केवल सीएम के नाम की पुष्टि की है। दिल्ली के रामलीला मैदान में गुरुवार को रेखा गुप्ता को उपराज्यपाल वीके सक्सेना दोपहर 12:35 बजे सीएम पद की शपथ दिलाएंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ अन्य केंद्रीय मंत्री और एनडीए के मुख्यमंत्री और उप मंत्री मौजूद रहेंगे।
सबसे ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा शपथ ग्रहण समारोह : चुघ
भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रीय राजधानी के लिए एक ऐतिहासिक घटना होगी। इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप की हार पर चुटकी ली। कहा कि दिल्ली की जनता ने तानाशाह शासक को उसके झूठ, छल और धोखाधड़ी की सजा दी है। चुघ ने कहा, दिल्ली की जनता ने पीएम मोदी को जो अपना आशीर्वाद दिया है, वह जनादेश में तब्दील हो गया है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि रामलीला मैदान में होने वाला शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली का सबसे ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में शहर विश्वस्तरीय राजधानी बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समारोह में आम लोग सबसे बड़े वीआईपी होंगे और वे पीएम मोदी और नए मंत्रिमंडल को आशीर्वाद देंगे।
ये भी पढ़ें : Delhi News : CM Rekha Gupta का जींद से है खास रिश्ता