सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगी मतगणना, दोपहर तक तस्वीर हो जाएगी साफ

Delhi Election Result 2025 (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली की सत्ता पर कौन सी पार्टी विराजमान होगी। इसका फैसला दिल्ली की जनता बीते 5 फरवरी को कर चुकी है। आज वह फैसला सभी के सामने आ जाएगा। जब सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। उम्मीद है कि दोपहर तक यह साफ हो जाएगा की अगले पांच सााल के लिए दिल्ली की जनता ने किस राजनीतिक पार्टी को सत्ता सौंपी है। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। लेकिन उम्मीद है कि करीब तीन बजे तक सभी परिणाम सामने आ जाएंगे।

70 विधानसभा सीट के लिए 699 प्रत्याशी मैदान में थे

जिसमें करीब 1.5 करोड़ से अधिक योग्य मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और कई दलों के उम्मीदवारों के भाग्य को ईवीएम में कैद कर दिया। 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 699 उम्मीदवारों – 603 पुरुष और 96 महिलाएं – ने चुनाव लड़ा। इस चुनाव में बीते तीन चुनाव की तुलना में कम वोट पड़े।

2020 में आप को मिला था प्रचंड बहुमत

2020 में हुए चुनावों की बात करें तो आम आदमी पार्टी (आप) ने 70 में से 62 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल की थी। जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शेष बची आठ सीटों पर जीत दर्ज की। उस चुनाव में कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली। एग्जिट पोल्स का निचोड़ भी सामने आ गया है। अब तक के सबसे मुश्किल माने जा रहे चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी की अग्निपरीक्षा है, वहीं भाजपा के 27 साल के वनवास पर से भी पर्दा उठेगा।

कम वोटिंग प्रतिशत ने बढ़ाई राजनेताओं की चिंता

वोटिंग प्रतिशत को देखते हुए रणनीतिकार फिलहाल कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं दिखाई दे रहे हैं, क्योंकि पिछले दो चुनाव की तुलना में वोट प्रतिशत कम रहा है। दिल्ली चुनाव के डेटा के अनुसार, 60.54 प्रतिशत ही वोट पड़े हैं। इससे पहले 2008 में इतनी कम वोटिंग हुई थी, तब 57.8 पर्सेंट वोटर बूथ तक पहुंचे थे। 2015 में वोटिंग करीब 67 प्रतिशत हुई थी, तो आप ने 67 सीटों के प्रचंड बहुमत से सत्ता में वापसी की थी। 2020 के विधानसभा चुनाव में 62.59 प्रतिशत वोट पड़े। इसमें भी आप का जादू बरकरार रहा और 70 में से 62 सीटों के प्रचंड बहुमत से तीसरी बार सरकार बनी।

ये भी पढ़ें : Delhi Weather : दिल्ली के तापमान में आई गिरावट, बारिश की संभावना नहीं

ये भी पढ़ें : Delhi News Update : आप विधायकों को खरीदने के प्रयास में भाजपा : संजय सिंह