पानीपत में होटल के कमरे में मृत अवस्था में मिला व्यक्ति का शव, हार्ट फेल होने की संभावना

0
168
Aaj Samaj (आज समाज),पानीपत : शहर में एक होटल के कमरे में एक व्यक्ति का शव मिला। व्यक्ति ने एक दिन पहले ही आराम करने के लिए कमरा लिया था। पुलिस जांच में मृतक की पहचान ओमप्रकाश आसाराम भूतड़ा (51) निवासी जिला पुणे महाराष्ट्र के रूप में हुई है। वह सोमवार को पानीपत की बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित स्काई होटल में आया था। यहां उसने होटल में कमरा लिया, उसे कमरा नंबर 102 मिला था। कमरा लेते वक्त उसने कहा था कि वह मंगलवार सुबह 9 बजे खाली कर देगा। सुबह 9 से 11 बजे तक न उसके फोन पर कोई बात हुई और न ही उसने कोई खाने की चीज ऑर्डर की। होटल कर्मचारियों ने जब दरवाजा खटखटाया तो दरवाजा नहीं खोला, चेक किया तो दरवाजा अंदर से खुला ही था। वह अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में हार्ट फेल होने की वजह से उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है।। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की तो व्यक्ति मृत मिला। मौके से सभी आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव को सिविल अस्पताल भिजवाया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है।