Cyclone Updates: जानें ‘दाना’ पर क्या है अपडेट, कहां-कहां से गुजरेगा चक्रवात

0
20
Cyclone Updates: जानें ‘दाना’ पर क्या है अपडेट, कहां-कहां से गुजरेगा चक्रवात
तूफान से निपटने लिए तैयारी करते नौसेना के जवान।

Update News On Dana Storm, (आज समाज), कोलकाता/भुवनेश्वर: चक्रवाती तूफान ‘दाना’ से निपटने के लिए तैयारियां लगातार जारी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक यह ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों से आज रात को टकराएगा और इसका प्रभाव अभी से दिखने लगा है। जानकारी के अनुसार तटीय इलाकों में इस समय 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं।

  • बहुत भारी बारिश और अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी

ओडिशा : पांच घंटे तक चलेगी लैंडफॉल की प्रक्रिया

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से करीब 200 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में दीघा के एक समुद्र तट पर खड़े टूरिस्ट और स्थानीय लोग और आज आसमान में मंडराते काले बादल।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार दाना के आज रात लगभग 2 ओडिशा व बंगाल के तटों से टकराने की संभावना है। उन्होंने बताया है कि ओडिशा में ‘दाना’ धामरा पोर्ट व भितरकनिका नेशनल पार्क के समीप लैंड करेगा। भुवनेश्वर मौसम केंद्र का कहना है कि तूफान लगभग 120 किमी प्रति घंटे की गति से से ओडिशा के उत्तरी हिस्से से गुजरेगा और इसकी लैंडफॉल की प्रक्रिया करीब पांच घंटे तक चलेगी।

10 लाख लोगों को सुरक्षित जगह शिफ्ट कर रहे 

ओडिशा के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है की प्रदेश सरकार की योजना 10 लाख लोगों को अलग-अलग सुरक्षित आश्रयों में स्थानांतरित करने की है। सुरक्षित आश्रयों में सभी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि निकासी में तेजी आ जाएगी।

बंगाल की खाड़ी में सभी गतिविधियों पर रोक

आईएमडी ने चक्रवात के गुजरने तक बंगाल की खाड़ी में मछली पकड़ने सहित सभी समुद्री गतिविधियों पर रोक लगा दी है। मौसम विभाग ने 24 और 25 अक्टूबर को दक्षिण बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, कोलकाता, हावड़ा और हुगली जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह तक भारी बारिश, हवा और तूफान की लहरें लैंडफॉल के समय चरम पर पहुंच जाएंगी।

रद रहेंगी 300 उड़ानें, 550 से ज्यादा ट्रेंनें कैंसिल

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में हवाई अड्डे पर आज शाम 5 बजे से कल सुबह (25 अक्टूबर) 9 बजे तक लगभग 300 उड़ानें रद रहेंगी। रेल सेवा भी प्रभावित रहेंगी। सूत्रों के अनुसार अलग-अलग रेल मंडल ने 550 से ज्यादा ट्रेनें रद करने का ऐलान किया गया है। इनमें से दक्षिण-पूर्वी रेलवे ने 150, दक्षिण पूर्वी सेंट्रल रेलवे ने 14, पूर्वी रेलवे ने 190 और पूर्वी तटीय रेलवे ने 198 ट्रेनों को फिलहाल कैंसिल करने का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें : Salman Khan: बॉलीवुड अभिनेता को धमकी देने वाला जमशेदपुर से गिरफ्तार