Cyclone: ‘दाना’ के खतरे के मद्देनजर हाई अलर्ट पर बंगाल और ओडिशा सरकार

0
26
Cyclone: ‘दाना’ के खतरे के मद्देनजर हाई अलर्ट पर बंगाल और ओडिशा सरकार
Cyclone: ‘दाना’ के खतरे के मद्देनजर हाई अलर्ट पर बंगाल और ओडिशा सरकार
  • केंद्र सरकार भी लगातार रख रही स्थिति पर नजर

Cyclonic Storm Update, (आज समाज), भुवनेश्वर/कोलकाता: चक्रवाती तूफान दाना (Cyclonic Storm Dana) का खतरा अभी टला नहीं है। इसको लेकर पश्चिम बंगाल और ओडिशा सरकार हाई अलर्ट पर हैं, वहीं केंद्र भी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक पुरी से बंगाल तक सभी पूर्वी तटीय क्षेत्रों में ‘दाना’ (Dana) का असर होने की आशंका है। इसके 25 अक्टूबर तक बंगाल के सागर व ओडिशा के पुरी जिलों में पहुंचने की संभावना है।

120 किमी प्रतिघंटे की गति से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में जो कम दबाव का क्षेत्र बना था वह अब चक्रवाती तूफान दाना में बदल गया है और यह पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की तरफ अग्रसर है। अधिकारियों के मुताबिक तूफान के बीच 120 किमी प्रतिघंटे की गति से हवाएं चलेंगी और इस दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। तूफान से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने भी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा है कि 250 राहत शिविर बनाए गए हैं और इनमें सब तरह की सुविधा मिलेगी।

कल सुबह तक भीषण चक्रवात में बदलने की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि ‘दाना’ आज सुबह बंगाल के सागर द्वीप से लगभग 630 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में और ओडिशा के पारादीप से लगभग 560 किमी दक्षिण पूर्व में मौजूद था। मौसम विज्ञानियों ने कहा है कि इसके उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ने व 24 अक्टूबर की सुबह तक इसके उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवात में बदलने की संभावना है।

10 लाख लोगों को सेफ जगह भेजने की तैयारी

मौसम विभाग ने बताया है कि 24 अक्टूबर यानी अगले कल रात से 25 अक्टूबर की सुबह तक ‘दाना’ सागर और पुरी द्वीप के बीच पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तट पार करेगा, इस दौरान हवा की गति 120 किमी प्रति घंटे रहने का अनुमान है। तूफान के भारी तबाही मचाने की आशंंका है। प्रशासन एहतियातन करीब 10 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों भेजने की तैयारी कर रहा है।

केंद्र ने एनडीआरएफ के 150 जवान भेजे

दाना के खतरे के मद्देनजर केंद्र सरकार ने भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से एनडीआरएफ के 150 जवान ओडिशा भेजे हैं। तटरक्षक बल भी हाई अलर्ट पर है। विमान व पोतों को संभावित संवेदनशील जगह तैनात किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि तूफान के कारण 198 ट्रेनें कैंसिल कर दी गई हैं। वहीं ओडिशा सरकार ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी हैं। साथ ही राज्य में कॉलेज व स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 25 अक्टूबर तक बंद रहेंगे।

यह भी पढ़ें : Karnataka News: बेंगलुरु में बिल्डिंग ढही, 5 लोगों की मौत, कुछ मलबे में फंसे