दुबई। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) ने 2022 में इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में महिला टी-20 क्रिकेट को शामिल करने की मंगलवार को घोषणा की। बर्मिंघम में साल 2022 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 27 जुलाई से 7 अगस्त तक किया जाएगा, जिसमें 18 खेलों में करीब 45000 एथलीट भाग लेंगे। एक ऐतिहासिक फैसले के तहत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल और कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन ने ऐलान करते हुए कहा कि बर्मिंघम में 2022 में होने वाले कॉमनवेल्थ खेलों में महिला टी-20 क्रिकेट को भी शामिल कर लिया गया है। कॉमनवेल्थ खेलों में कुल आठ अंतरराष्ट्रीय टीमें भाग लेंगी। इस दौरान सभी मैच एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाएंगे। 1998 के बाद ये पहली बार होगा, जब क्रिकेट को कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल किया गया है। उस वक्त कुआलालंपुर में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 50 ओवर के क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीता था। उस दौरान जैक्स कैलिस, रिकी पोंटिंग और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों ने भी भाग लिया था।
सीजीएफ की अध्यक्ष लुइस मार्टिन ने कहा, यह दिन ऐतिहासिक दिन है और राष्ट्रमंडल खेलों में फिर से क्रिकेट के लौटने का हम स्वागत करते हैं। मार्टिन ने कहा, हमारा मानना है कि महिला टी-20 क्रिकेट को बेहतरीन ढंग से प्रदर्शित करने के लिए राष्ट्रमंडल खेल सबसे अच्छा मंच है।