Karnal News: करनाल में डीजे पर गाने को लेकर विवाद,15 हमलावरों ने युवक पर किए चाकुओं से वार

0
61
करनाल में डीजे पर गाने को लेकर विवाद,15 हमलावरों ने युवक पर किए चाकुओं से वार
करनाल में डीजे पर गाने को लेकर विवाद,15 हमलावरों ने युवक पर किए चाकुओं से वार

Karnal News (आज समाज) करनाल: हरियाणा में करनाल जिले के रसूलपुर गांव में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। घटना बीती रात की है, जब गांव में एक पार्टी के दौरान डीजे पर हुए झगड़े को सुलझाने के प्रयास में गए युवक पर लगभग 15 लोगों ने चाकुओं और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक के भाई अजय ने बताया कि घटना के वक्त गांव में एक पार्टी चल रही थी जिसमें डीजे बजाया जा रहा था। इस दौरान कुछ युवकों के बीच गाना चलाने को लेकर डीजे पर कहासुनी हो गई थी। इस विवाद को सुलझाने के लिए अशोक नामक युवक ने हस्तक्षेप किया और मामला शांत करवाया। लेकिन जब अशोक घर लौट रहा था, तभी रास्ते में 15 लोगों ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। अजय ने बताया कि हमलावरों ने पहले अशोक का पीछा किया और उसे घेर लिया। अशोक ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने अपनी बाइक से उसका पीछा किया। एक गली में दो बाइक आगे और दो बाइक पीछे से आ गई। जिससे अशोक चारों तरफ से घिर गया। इसके बाद अन्य हमलावर भी वहां पहुंच गए और उन्होंने लात-घूसों, लाठी-डंडों, और तेजधार हथियारों से अशोक पर हमला कर दिया। हमले में शीलू नामक युवक ने अशोक पर चाकू से वार किए, जिससे उसकी कमर, कूल्हे, घुटने और पिंडलियों पर गंभीर चोटें आई। हमलावर अशोक को अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। घायल अशोक किसी तरह एक पड़ोसी के घर पहुंचा, जहां से उसके परिवार को सूचना दी गई। अशोक की गंभीर हालत देखकर परिवार घबरा गया और उसे तुरंत करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई, और पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों में कुछ युवक इंद्री गांव के भी हैं। मामले की जांच जारी है, और पुलिस हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी हुई है।