Himachal News : कांग्रेस ने चुनाव लाभ, लालच व भय के आधार पर जीता : बिंदल

0
108
कांग्रेस ने चुनाव लाभ, लालच व भय के आधार पर जीता : बिंदल
कांग्रेस ने चुनाव लाभ, लालच व भय के आधार पर जीता : बिंदल

Himachal News (आज समाज), शिमला। प्रदेश में तीन सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने ये चुनाव पैसे के बल पर जीते हैं। बिंदल ने कहा कि नालागढ़ के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने व मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपए व्यय किए। हर मोहल्ले में शराब के अड्डे व नशे के अड्डे खोल दिए। लोगों को बन्दूक की नोक पर धमकाया गया।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से देहरा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पीछे बड़ी मात्रा में पुलिस बल लगाकर रखा, करोड़ों रुपए की दारू व धन का व्यय किया गया। हर चुने हुए प्रतिनिधियों को डराया व धमकाया गया। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव लोभ, लालच व भय के आधार पर कांग्रेस द्वारा जीता गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता यह सब जानती है कि भारी भरकम भ्रष्टाचार के आरोप सरकार पर लग रहे हैं, वह धन किस काम पर लगाया गया है। इसके कई प्रमाण हमारे समक्ष है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सरकार चुनाव लड़ रही थी न कि कांग्रेस पार्टी।

लोकसभा चुनाव में ही जनता ने कांग्रेस को नकार दिया था

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता डेढ साल में ही सरकार से दुखी हो चुकी है। यही कारण रहा कि लोकसभा चुनाव में ही जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। उन्होंने कहा कि चार लोकसभा सीट पर भाजपा ने शानदार जीत दर्ज कर यह साबित कर दिया था कि प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा पर है लेकिन उपचुनाव में प्रेदश की सत्तासीन पार्टी ने पूरा बल लगा दिया जिसके बाद भी कांग्रेस तीन में से एक सीट हार गई। बिंदल ने कहा कि आने वाले समय में जनता प्रदेश सरकार को सबक सिखाएगी।