सदन से बाहर एक जिम्मेदार विपक्षी पार्टी की भूमिका निभाएगी कांग्रेस

Delhi News (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की अपेक्षा के विपरीत आए परिणाम के बाद भी दिल्ली कांग्रेस के नेताओं के हौसलें बुलंद हैं। पार्टी के नेताओं के मन में अभी भी जनता के लिए संघर्ष की ज्वाला प्रज्वलित है। यही कारण है कि विधानसभा चुनाव में एक भी सीट पर जीत दर्ज न कर पाने के बाद भी कांग्रेस नेता जनता के हक की आवाज उठाने को तैयार हैं।

इसी के चलते दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्षी पार्टी है, भाजपा सरकार के 3-4 महीने के कार्यवाही और कार्यकलापों का इंतजार कर रही है कि जो जनादेश दिल्ली के लोगों ने भाजपा को दिया है उस पर काम करती है या नही है। भाजपा की प्राथमिकता दिल्ली की समस्याओं को हल करने की होनी चाहिए। दिल्ली कांग्रेस लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को दृढ़ता से उठाएंगे, क्योंकि कांग्रेस दिल्ली की जनता को अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस की योजनाओं को ही आगे बढ़ा रही भाजपा

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन में आज मीडिया से बात करते हुए, देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली में पहले की प्रचलित योजनाओं को फिर से शुरू करने की बात करना कोई आश्चर्य नहीं है क्योंकि मोदी सरकार ने 2014 में भी यही काम किया था जब उसने केंद्र में कांग्रेस सरकार की परियोजनाओं को फिर से योजना बनाकर शुरू करने का काम किया था। इन्हें इस बात की कोई चिंता नही कि यह लोगों की भलाई के लिए है या नही?

हम जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करेंगे

देवेंद्र यादव ने कहा कि हम विधानसभा प्रत्याशियां से हार के कारणों का पता लगाने के लिए, जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए रोडमैप तैयार करने के लिए संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा के कांग्रेस के उम्मीदवारों की बैठकें कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव परिणामों से सबक लेना और उनका अवलोकन करना हमारी प्राथमिकता रहेगी, ताकि आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार हो सके। यादव ने कहा कि भाजपा की घोषणाओं पर विश्वास नहीं है कि वो अत्यधिक प्रदूषित यमुना की सफाई वास्तविकता में करेंगे, यमुना को साफ तभी माना जाएगा जब कोई गहरी डुबकी लगाने पर स्वस्थ रहे।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : दिल्ली में सरकार के गठन को देरी

ये भी पढ़ें : Delhi News Today : आप के हाथ से खिसक सकती है एमसीडी