Delhi News Update : दिल्ली सीएम के नाम की देरी पर कांग्रेस ने कसा तंज

0
116
Delhi News Update : दिल्ली सीएम के नाम की देरी पर कांग्रेस ने कसा तंज
Delhi News Update : दिल्ली सीएम के नाम की देरी पर कांग्रेस ने कसा तंज

एक सप्ताह बाद भी सीएम का चयन न कर पाना भाजपा की आपसी फूट को दर्शा रहा : देवेंद्र यादव

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आप को पछाड़ते हुए भाजपा ने पूर्ण बहुमत के साथ दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। चुनाव परिणाम आए आठ दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक दिल्ली में सरकार की तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। इसी को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस लगातार प्रश्न उठा रही है।

इसी बीच दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली में चुनाव परिणाम आने के एक सप्ताह के बाद तक भी भाजपा का दिल्ली के मुख्यमंत्री का चयन नही कर पाना इनकी आपसी फूट को उजागर करता है। 8 तारीख के बाद जिस तरह भाजपा का हर तीसरा विधायक मुख्यमंत्री पद का दावा कर रहा है, उसमें कहीं न कहीं 1993 की भाजपा की दिल्ली सरकार का इतिहास दिखाई दे रहा है जब एक ही कार्यकाल में 3 मुख्यमंत्री बदल गए थे।

भाजपा एक विचारहीन पार्टी

यादव ने कहा भाजपा एक विचारहीन पार्टी है जिसके नेता कभी एकमत नही रहे जबकि हमने दिल्ली में 15 वर्ष एक ही नेतृत्व में शीला दीक्षित के मुख्यमंत्रित्व में सरकार चलाई थी। देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली में पूर्ण बहुमत के बाद क्या भाजपा वर्तमान चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार है? क्योंकि भाजपा की केन्द्र सरकार ने लोगों से किए वादे काले धन वापस लाने, 15 लाख खाते में आने, 2 करोड़ नौकरियां प्रतिवर्ष देने और महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह से अब तक विफल रही है।

क्या केन्द्र सरकार की भांति दिल्ली में भाजपा की सरकार भी भोली भाली जनता के साथ विश्वासघात करेगी, क्योंकि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने हमेशा एक ही सिक्के के दो पहलू साबित हुए है जिन्होंने जनता विरोधी गतिविधियों और नीतियों में एक दूसरे का साथ निभाया है। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री उम्मीदवार का चयन होने और सरकार गठन के बाद क्या जनता की परेशानियों को खत्म करने में सफल हो पाएगी भारतीय जनता पार्टी?

ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : दिल्ली मेट्रो से केबल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा

 ये भी पढ़ें : Delhi Political News : दिल्ली सीएम के नाम की घोषणा जल्द करेगी भाजपा