Himachal By Poll 2024 : कांग्रेस उड़ा रही आचार संहिता की धज्जियां : परमार

0
153
कांग्रेस उड़ा रही आचार संहिता की धज्जियां : परमार
कांग्रेस उड़ा रही आचार संहिता की धज्जियां : परमार
Himachal By Poll 2024 (आज समाज), देहरा। देहरा उपचुनाव में भाजपा के प्रभारी विपिन सिंह परमार ने कहा है कि देहरा में कांग्रेस ने अपनी हार मान ली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरकारी मशीनरी के साथ साथ हेलीकॉप्टर का दुरुपयोग कर रहे हैं।  विपिन परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यालय से आशा वर्करों को व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज देकर बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। भाजपा ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाने की बजाए मुद्दों के ऊपर चुनाव लड़े।
विपिन परमार ने कहा कि कांग्रेस की चमक फीकी पड़ चुकी है, जिसके चलते मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बौखलाहट में है। उन्होंने कहा कि होशियार धरतीपुत्र हैं जनता ने दो बार उन्हे निर्दलीय जिताया है, लेकिन कांग्रेस को बाहर के उम्मीदवारों के सहारे चलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले लोकसभा चुनावों में कांगड़ा-चंबा लोकसभा के लिए दिल्ली से प्रत्याशी बुलाया और देहरा उपचुनाव के लिए हमीरपुर से प्रत्याशी देना पड़ा। परमार ने कहा कि क्या कांग्रेस के पास देहरा के 80 हजार मतदाताओं में कोई ऐसी महिला नहीं थी जिसे कांग्रेस चुलाव लड़ाती।
परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी को चुनाव लड़ने की क्या जरूरत थी। भाजपा नेता ने कहा कि लोकसभा चुनावों में मुख्यमंत्री को नादौन के लोगों ने इन्हे नकार दिया है, देहरा की जनता भी इन्हे नकार देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जिन लोगों को सरकार चलाने का अनुभव नहीं, वह हिमाचल को अपने तरीके से चलाना चाहते हैं।