चेयरमैन पद के लिए भाजपा में उम्मीदवारों की होड़- दूसरी पार्टियां टूटकर आने वालों के इंतजार में

0
261

आज समाज डिजिटल,पानीपत:

पानीपत। निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है और विभिन्न राजनीतिक दलों के भावी चेयरमैन और पार्षद पद के उम्मीदवारों द्वारा अपनी तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन अभी तक किसी भी पार्टी भाजपा, कांग्रेस, जजपा, आप, इनेलो ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। नगरपालिका चुनाव में सबसे ज्यादा चेयरमैन पद को लेकर पार्टियों में मंथन किया जा रहा है। चेयरमैन पद की टिकट के लिए होड़ भाजपा में मची हुई है और आधा दर्जन से ज्यादा लोगों द्वारा अपनी दावेदारी जताई गई है।

दूसरे दावेदार को अन्य पार्टी में जाने का मौका ही ना मिल सके

चेयरमैन टिकट की घोषणा नहीं करने का एक कारण टिकट ना मिलने वाले दावेदारों द्वारा दूसरी पार्टी का दामन थामने की आशंका भी बताई जा रही है। भाजपा इसलिए ऐेसे वक्त पर टिकट घोषित करेगी जिससे दूसरे दावेदार को अन्य पार्टी में जाने का मौका ही ना मिल सके। इससे पार्टी वोट बंटने के खतरे से बचने का प्रयास करेगी। वहीं दूसरी पार्टियां इंतजार में है कि भाजपा से टिकट नहीं मिलने वाले दावेदारों को किसी तरह से वो अपने पाले में कर सकें।

कभी एक पार्टी की नाव तो कभी दूसरी पार्टी की नाव में सवार रहे हैं

भारतीय जनता पार्टी से चेयरमैन पद के लिए दावेदारोंं में कुछ पार्टी के साथ वर्षों से जुड़े हुए हैं तो कुछ ने एक-दो वर्षों के दौरान ही पार्टी ज्वाईन की है। इनमें ऐसे भी हैं जो कभी एक पार्टी की नाव तो कभी दूसरी पार्टी की नाव में सवार रहे हैं। भाजपा से चेयरमैन पद के लिए अशोक कुच्छल, श्यामसुंदर बरेजा, राजकुमार कालीरामना, सुनील शर्मा, सुभाष कुहाड़, शिवकुमार जैन, संदीप गुप्ता के नाम सामने आ रहे हैं जिन्होंने पार्टी को दावेदारी पेश की है। इनमें शिवकुमार जैन और संदीप गुप्ता वर्षों से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शशिकांत कौशिक के चहेते

शिवकुमार जैन को प्रदेश सरकार ने व्यापार प्रकोष्ठ का चेयरमैन भी बनाया था। जबकि राजकुमार कालीरामना भी पार्टी के कइ्र्र वरिष्ठ पदों पर रहे हैं। वहीं संदीप गुप्ता अभी जिला कार्यकारिणी के सदस्य हैं। पूर्व नपा चेयरमैन अशोक कुच्छल को पिछले कार्यकाल में तत्कालीन विधायक रविन्द्र मच्छरौली ने भाजपा ज्वाईन करवाई थी। जबकि श्यामसुंदर बरेजा और सुनील शर्मा पिछले कुछ वर्षों से पार्टी के साथ के भाजपा के साथ हैं। इसके अतिरिक्त सुभाष कुहाड़ भी भाजपा के वरिष्ठ नेता शशिकांत कौशिक के चहेते हैं और उन्हीं के कारण पार्टी में शामिल हुए थे।
कांग्रेस से अभी तक संजय बैनीवाल का नाम सामने आ रहा है
वहीं कांग्रेस से अभी तक संजय बैनीवाल का नाम सामने आ रहा है। वो विधायक धर्म सिंह छौक्कर के समर्थक हैं और चेयरमैन पद के लिए लगातार अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। जबकि जननायक जनता दल और इनेलो का अभी कोई दावेदार सामने नहीं आया है। आम आदमी पार्टी द्वारा भी निकाय चुनावों में चमत्कार की बात कही जा रही है। पिछले दिनों आप ज्वाईन करने वाले पूर्व विधायक रविन्द्र मच्छरौली ने चेयरमैन व पार्षद पद पर उम्मीदवार उतारने की बात कही थी। लेकिन अभी वो भी खामोश बैठे हैं।
भरत सिंह छौक्कर भी चेयरमैन पद का निर्दलीय चुनाव लड़ने को तैयार
इन सबसे अलग शहर की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रहे समालखा बचाओ संघर्ष मोर्चा ने पूर्व पार्षद कुसुमलत्ता को चेयरमैन पद के लिए समर्थन देने का ऐलान किया है। साथ ही वार्ड 16 से अनिल पांचाल को पार्षद पद के लिए मोर्चा समर्थन दे रहा है। इसके अतिरिक्त पूर्व विधायक भरत सिंह छौक्कर भी चेयरमैन पद का निर्दलीय चुनाव लड़ने को तैयार हैं।

ये भी पढ़ें : यूथ ब्लड डोनर और लुधियाना प्राइड वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर के दौरान 200 यूनिट डोनेट