तापमान में आई गिरावट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में दो दिन से ठंडी हवाएं चल रही है। ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह-शाम के समय ठंड भी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश में ठंडी हवाओं के चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल भी छाए रह सकते है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मौसम में दिख रहा है। बदलते मौसम को देखते हुए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि फिलहाल मौसम खुश्क है।
सब्जी व फलों की पौधों में पानी की आवश्यकता है तो सिंचाई की जा सकती है। डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 2 अप्रैल तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हवाओं में बदलाव की संभावना से हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है। जिससे विशेषकर दिन के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।
रोहतक सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं हरियाणा का सबसे गर्म जिला रोहतक रहा। जहां का तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास ही रहा।
प्रदेशभर के विभिन्न जिलों के अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटे में काफी बदलाव देखने को मिला। सबसे ज्यादा गिरावट नारनौल के तापमान में देखी गई। जहां का तापमान 3.5 डिग्री की गिरावट के साथ 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं सबसे ज्यादा बढ़ोतरी सिरसा के तापमान में हुई। जहां का तापमान 3.1 डिग्री के साथ 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।