Himachal Political News : भ्रष्टाचार पर सीएम की चुप्पी हैरानीजनक : भाजपा 

0
150
भ्रष्टाचार पर सीएम की चुप्पी हैरानीजनक : भाजपा 
भ्रष्टाचार पर सीएम की चुप्पी हैरानीजनक : भाजपा 
Himachal Political News (आज समाज)शिमला। भाजपा के पूर्व मंत्रियों एवं विधायकों सुखराम चौधरी और सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार पर भाजपा भ्रष्टाचार के जो आरोप लगा रही थी, आज वह सिद्ध होते दिखाई दे रहे हैं।
सुखराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के दो सबसे भरोसेमंद सिपहसालारों पर प्रदेश में करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोप सिद्ध होते दिखाई दे रहे हैं। मीडिया के माध्यम से उजागर हुआ है कि ईडी और आयकर विभाग को सीएम के सबसे भरोसेमंद मित्रों के खिलाफ आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं। मुख्यमंत्री ने अपने मित्रों को खुले तौर पर लाभ पहुंचाया है, जिस कारण प्रदेश को करोड़ों का नुकसान हुआ है।
उधर, सुधीर शर्मा ने कहा कि अवैध खनन में आपत्तिजनक निष्कर्ष निकलना, एक ही खाते में 8 करोड़ से अधिक की अवैध नकदी का जमा होना कई‌ सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि भूमि सौदों में नकदी के उपयोग के साक्ष्य सामने आए हैं और मित्रों को लोक निर्माण के सभी नियमों को ताक पर रखते हुए टेंडर मिले हैं। यह सब बड़े भ्रष्टाचार की तरफ इशारा करता है।
सुखराम और सुधीर शर्मा ने सरकार के सवाल किया कि जब लंबे समय से सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं तो सरकार मौन क्यों है? मुख्यमंत्री को इसका जवाब तो देना होगा? उन्होंने कहा कि अगर यह कांग्रेस के नेता चुप्पी साध कर बैठे हैं तो उसका मतलब है कि यह सब भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।