होली से पहले महिलाओं के खाते में आएंगे 2500 रुपए, होली-दिवाली पर सरकार मुफ्त सिलेंडर देने की कर रही तैयारी
Delhi CM News (आज समाज), नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की अथाह मेहनत के चलते 27 साल बाद 2025 में दिल्ली की सत्ता में वापसी हासिल की है। इस बार भाजपा ने विस चुनाव में बिना सीएम फेस के चुनाव लड़े थे। दिल्ली की जनता को पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के वादे अच्छे लगे और उन्होंने इन्हीं वादों पर अपनी मुहर लगाते हुए दिल्ली की सत्ता की बागडोर भाजपा के हाथों में सौंप दी।
अब जबकि दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता कमान संभाल चुकी हैं तो उन्होंने बिना वक्त गवाए लोगों से किए वादों को पूरा करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। गुरुवार शाम को जहां कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए वहीं दिल्ली सीएम ने प्रेस वार्ता में भी अपने भावी प्लान के बारे में जानकारी दी।
महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को मिलेगा सम्मान
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार आठ मार्च को महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली की महिलाओं के खाते में 2500 रुपए की राशि डालकर महिलाओं का सम्मान करेगी। इस बीच जानकारी है कि दिल्ली वालों को होली-दिवाली में फ्री सिलेंडर देने की तैयारी करने में सरकार जुट गई है।
सरकार इस तैयारी में जुटी
कैबिनेट मंत्री सिरसा ने कहा कि अगले दो दिन में होने वाली कैबिनेट बैठक में इस पर फैसला लिया जाएगा। साथ ही साल के अन्य 10 सिलेंडर 500 रुपये की कीमत पर उपलब्ध कराने का खाका तैयार किया जा रहा है। नई सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही अपनी प्राथमिकता तय कर दी। अगले 30 दिन में दिल्ली के एक लाख लोगों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया।
इसमें 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग नागरिक भी शामिल हैं। वहीं, महिला सम्मान निधि अगले महीने अलग से बजट मिलने के साथ लागू कर दी जाएगी। शहरी विकास को लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना पर चर्चा हुई। राजधानी के लोगों को इस योजना का लाभ देने के लिए इसमें पक्के घर के साथ फ्लैट्स भी शामिल किए हैं। इसके तहत नए फ्लैट लेने पर लाभार्थी को बैंक कर्ज में करीब 2.60 लाख रुपये तक का लाभ मिल सकता है। हालांकि अंतिम फैसला होना बाकी है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather Update : दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश, तापमान में गिरावट
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : 24 फरवरी से शुरू होगा दिल्ली विस का सत्र